Arrah Crime News : भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के पसौर गांव स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर परिसर के बरामदे से सोमवार की सुबह एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
ससुराल आया था युवक
मृतक की पहचान रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के जोगया गांव निवासी 25 वर्षीय अक्षप लाल पासवान के रूप में हुई है. वह गुजरात की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और रविवार की शाम चरपोखरी थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव स्थित अपने ससुराल आया था.
बाल कटवाने निकला, फिर नहीं लौटा
मृतक के साला बड़क पासवान ने बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे अक्षप लाल घर से बाल कटवाने के लिए निकले थे. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
मंदिर परिसर में मिला शव
सोमवार सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए बाबा सिद्धनाथ मंदिर पहुंचे तो मंदिर परिसर के बरामदे में एक युवक का शव पड़ा देखा. इसके बाद ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही चरपोखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया.
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं पाए गए हैं. मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
परिवार में मचा कोहराम
अक्षप लाल पासवान अपने पीछे पत्नी सरिता देवी और एक पुत्र विक्रम को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जांच में जुटी पुलिस
मृतक के परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही किसी प्रकार की आशंका व्यक्त की है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : भोजपुर में 22 जून से इस दिन तक बंद रहेंगे स्कूल, डीएम तनय सुल्तानिया ने जारी किया आदेश
