अस्पताल पहुंचने से पहले नाव में हुआ प्रसव, बाढ़ के बीच जन्मे बेटे का नाम रखा ‘मांझी’; जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ

बाढ़ की त्रासदी के बीच भोजपुर जिले के दामोदरपुर गांव में एक गर्भवती महिला ने नाव पर ही स्वस्थ बेटे को जन्म दिया. इस अनोखे प्रसव के बाद नवजात का नाम 'मांझी' रखा गया, जो मुश्किलों में भी उम्मीद का प्रतीक बना.

Boat Birth: बाढ़ की मार झेल रहे भोजपुर के शाहपुर प्रखण्ड स्थित दामोदरपुर गांव में सोमवार की शाम आपदा के बीच खुशियों का ऐसा पल आया, जिसने वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी. प्रसव पीड़ा से कराह रही गर्भवती को नाव से शाहपुर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मझधार में बच्चे की किलकारी गूंज उठी. नाव पर ही महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया.

सुबह से प्रसव पीड़ा, नाव से अस्पताल ले जाने की हुई व्यवस्था

दामोदरपुर पंचायत के वार्ड संख्या आठ निवासी रविकांत पासवान की पत्नी चांदी देवी को सोमवार सुबह से ही प्रसव पीड़ा हो रही थी. गांव चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिरा होने के कारण परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए नाव की व्यवस्था की. जवइनिया निवासी दिनेश यादव समेत अन्य लोग महिला को लेकर शाहपुर की ओर रवाना हुए.

मझधार में तेज हुई प्रसव पीड़ा, नाव पर ही हुआ प्रसव

नाव गांव से काफी दूर मझधार में पहुंची ही थी कि चांदी देवी की प्रसव पीड़ा तेज हो गयी. नाव पर मौजूद लोगों के सामने अचानक चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा हो गयी. अस्पताल पहुंचने का इंतजार करना संभव नहीं था. ऐसे में नाव पर ही महिला का प्रसव कराया गया. कुछ ही देर बाद नवजात की किलकारी से नाव का माहौल बदल गया. जच्चा और बच्चा दोनों के स्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर परिजनों और नाव पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली.

नाविकों ने मांगा नेग, आश्रयस्थल पर बांटी गयी मिठाइयां

नाविक सुनील बिंद और बिजली बिंद ने खुशी में नेग की मांग भी शुरू कर दी. बाद में आश्रयस्थल पहुंचने पर परिवार और बाढ़ पीड़ितों के बीच मिठाइयां बांटी गयीं. नवजात को आशीर्वाद देने के लिए लोगों की भीड़ जुट गयी.

बाढ़ में नाव पर जन्मा, इसलिए नाम रखा ‘मांझी’

बच्चे के नाम की चर्चा छिड़ी तो उसके दादा कामेश्वर पासवान ने कहा, ‘‘बाढ़ में नाव पर लइका भइल बा, त एकर नाम ‘मांझी’ धराइल’’. दादा की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोगों के चेहरे खिल उठे. बाढ़ की विभीषिका के बीच नाव पर जन्मे इस बच्चे का नाम ‘मांझी’ अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

आपदा के बीच खुशियों की दस्तक

बाढ़ ने दामोदरपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है. घर-बार छोड़कर लोग आश्रयस्थलों में रहने को मजबूर हैं. ऐसे कठिन समय में नाव पर जन्मे बच्चे ने कुछ देर के लिए लोगों को बाढ़ की चिंता और परेशानियां भुलाकर खुशी मनाने का मौका दे दिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मिथिलेश्वर प्रसाद सिन्हा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >