Arrah News : (आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट)
आरा शहर के सरदार पटेल बस पड़ाव फोरलेन सड़क पर बुधवार की भोर 4 बजे से ही लगातार जाम की स्थिति बनी रही. दिनभर लगे जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई रही, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कई भारी वाहन गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से गुजरते नजर आए, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ गई. फोरलेन सड़क पर अव्यवस्थित यातायात ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अतिक्रमण बना जाम की मुख्य वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के एक हिस्से पर अतिक्रमण के कारण आवागमन लगातार बाधित रहता है. अवैध कब्जे के चलते सड़क संकरी हो गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और जाम की स्थिति बनी रहती है.
इसके साथ ही पैदल यात्रियों को भी जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ रही है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से अविलंब अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके.
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
पहले भी हो चुका है हादसा
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले गलत दिशा से आ रही एक बस की चपेट में आने से बिहार पुलिस के एक अधिकारी की मौत हो गई थी. इस घटना के बावजूद अब तक यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका है, जिससे लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ गई है.
फिलहाल फोरलेन सड़क पर लगातार जाम और अव्यवस्थित यातायात आम जनता के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है.
Also Read: बेगूसराय में BPSC शिक्षक की शर्मनाक करतूत, नाबालिग छात्रा से की अश्लील हरकत, गिरफ्तार
