पीरो में 49 वर्षीय शख्स की मौत, 2 दिन पहले लाठी-डंडे से पिटाई में हुए थे घायल

भोजपुर के पीरो थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद परिजनों में मातम पसर गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के सनेही टोला गांव में हुए मारपीट में जख्मी अधेड़ की मौत हो गई. इलाज के दौरान पीएमसीएच में उन्होंने दम तोड़ दिया. जानकारी के अनुसार मृतक पीरो थाना क्षेत्र के सनेही टोला गांव निवासी स्व. भोला चौधरी के 49 वर्षीय पुत्र रामईश्वर चौधरी है. वह पेशे से किसान थे.

बेटे ने बताया क्या हुई थी घटना

इधर, मृतक के बेटे गुड्डू कुमार ने बताया कि उनके पट्टीदार एवं गांव के कुछ लोगों से जमीन को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. वे लोग उनके जमीन को जबरन अपना जमीन बता रहे थे. इसे लेकर पूर्व में भी विवाद हुआ था. हालांकि बात खत्म हो गई थी.

मंगलवार की दोपहर जब वह अपने पिता रामईश्वर चौधरी के साथ दरवाजे पर बैठा था. तभी पट्टीदार एवं गांव के दस-बारह की संख्या में लोग उनके दरवाजे पर आ धमके. उनके पिता को दरवाजे के पास घेरकर लाठी-डंडे एवं लोहे के रॉड से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पीरो पीएचसी से सदर अस्पताल लाया गया था. जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया था. जहां इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया. इसके पश्चात परिजन उनके शव को वापस सदर अस्पताल ले आये. तब पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया.

वहीं दूसरी तरफ मृतक के बेटे गुड्डू कुमार ने अपने चचेरे भाइयों एवं गांव के कुछ लोगों पर जमीन के विवाद को लेकर अपने पिता रामईश्वर चौधरी की लाठी-डंडे एवं लोहे के रॉड से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल करने एवं इलाज के दौरान उनके मौत होने का आरोप लगाया है. बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है.

बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी रीता देवी, चार पुत्र गुड्डू कुमार, भूटी राय, महाराज कुमार, छोटू कुमार एवं पुत्री मीरा कुमारी है. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया. उनकी पत्नी रीता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md. Wasim

Published by: Anjani Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >