नरपतगंज (अररिया) प्रखंड क्षेत्र के पशु टीकाकर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को नरपतगंज स्थित भ्रमणशील पशु चिकित्सा कार्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान टीकाकर्मियों ने टीकाकरण कार्य का बहिष्कार करते हुए अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी को सौंपा.
मासिक मानदेय देने की उठाई मांग
टीकाकर्मियों ने कहा कि सभी पशु टीकाकर्मियों और पशु मित्रों को मासिक मानदेय दिया जाए. उनका कहना था कि बिना मानदेय के लगातार कार्य करना संभव नहीं है. उन्होंने मांग की कि नियमित नियुक्ति होने तक उन्हें सम्मानजनक पारिश्रमिक दिया जाए.
पंचायत स्तर पर समायोजन की मांग
प्रदर्शन कर रहे टीकाकर्मियों ने कहा कि सभी कर्मियों का उनके-अपने पंचायतों में समायोजन कर कार्य लिया जाए. उनका कहना है कि वे कई वर्षों से विभाग के विभिन्न कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन अब तक नियमित नियुक्ति नहीं की गई है.
पांच रुपये प्रति टीकाकरण में गुजारा मुश्किल
टीकाकर्मियों ने बताया कि वर्तमान में प्रति पशु टीकाकरण पर अधिकतम पांच रुपये का भुगतान किया जाता है. महंगाई के इस दौर में इतनी राशि से जीविकोपार्जन संभव नहीं है. उन्होंने सरकार से शीघ्र उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की.
प्रदर्शन में रामाशीष राय, मोहम्मद नासिर, महेंद्र कुमार पासवान, मोहम्मद सोहराब, बिंदी कुमार पासवान, विनोद यादव, शशि भूषण कुमार, दयानंद राम, धर्मेंद्र कुमार भारती, अखिलेश यादव, विलास पासवान, पिंटू कुमार यादव, द्वारिका प्रसाद साह, दिनेश शाह, शशि कुमार, फूलदेव मेहता, ध्रुव यादव, राकेश कुमार, रुपेश कुमार यादव, मुकेश कुमार सिंह, गिरानंद यादव, संतोष पासवान, धीरेंद्र यादव, सागर कुमार, राकेश राय और अभय कुमार अकेला सहित बड़ी संख्या में पशु टीकाकर्मी मौजूद रहे.
और पढ़ें : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना ऑन लाइन पंजीकरण शुरू
