भरगामा. प्रखंड क्षेत्र में सूअरों में फैलने वाली गंभीर बीमारी क्लासिकल स्वाइन फीवर के निवारण को लेकर पशुपालन विभाग की ओर से निशुल्क टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है. विभाग द्वारा प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है. ताकि बीमारी के प्रसार पर रोक लगाई जा सके व पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके. वहीं प्रखंड क्षेत्र के मानुलहपट्टी पंचायत में पशु चिकित्सक डॉ राहुल कुमार के नेतृत्व में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान करीब 30 सूअरों का निशुल्क टीकाकरण किया गया.इस दौरान पशुपालकों को क्लासिकल स्वाइन फीवर बीमारी के लक्षण, बचाव व समय पर टीकाकरण के महत्व की भी जानकारी दी गयी. पशु चिकित्सक डॉ राहुल कुमार ने बताया कि क्लासिकल स्वाइन फीवर एक संक्रामक बीमारी है, जिससे सूअरों की मृत्यु होने की संभावना बनी रहती है. ऐसे में समय पर टीकाकरण ही सबसे प्रभावी बचाव है. उन्होंने पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस निशुल्क अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं व अपने पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं.
पशुओं को लगाया जा रहा टीका
क्लासिकल स्वाइन फीवर से बचाव को लेकर चलया जा रहा अभियान
