दो बच्चियों की कनकई नदी में डूबने से मौत

मौत के बाद परिजनों में मचा कोहराम

एसडीआरएफ की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद शव किया बरामद जोकीहाट. थाना क्षेत्र के हरदार पंचायत के नौआ ननकार गांव टोला चमनपुर वार्ड संख्या 11 में शनिवार को कनकई नदी में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार बच्चियां घास काटने नदी किनारे स्थित खेतों में गयी थी. मृत बच्चियों की पहचान चमनपुर गांव निवासी अब्दुल वदूद की आठ वर्षीय पुत्री तमन्ना व मोहम्मद बबलू की 10 वर्षीय पुत्री सबा नाज के रूप में हुई है. जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने घटना की पुष्टि की है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया गया. ग्रामीणों के अनुसार शनिवार दोपहर गांव की तीन बच्चियां कनकई नदी किनारे खेत में घास काटने गयी थी. घास काटने के दौरान दोनों का पांव फिसल गया व वे गहरे पानी में डूब गयी. घटना की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ नदी किनारे जुट गयी. स्थानीय लोगों ने देर तक खोजबीन की. लेकिन कोई पता नहीं चला. अंचलाधिकारी नजमुल हसन व जोकीहाट थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना पर प्रशासनिक टीम एसडीआरएफ टीम के साथ पहुंची. एसडीआरएफ की टीम ने घंटों खोजबीन के बाद शनिवार देर शाम तमन्ना का शव बरामद कर लिया लेकिन दूसरी बच्ची सबा नाज की तलाश लगातार जारी रही. देर रात तक दूसरी बच्ची का अता पता नहीं चला. रविवार सुबह पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र के हरिया गांव स्थित कनकई नदी से सबा नाज की शव बरामद किया गया. पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया. घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं हरदार पंचायत के पंचायत समिति सदस्य मो अयूब सहित ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवारों को अविलंब सरकारी सहायता देने की मांग की है. गांव में एक साथ दो बच्चियों की मौत से माहौल गमगीन है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

MRIGENDRA MANI SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >