एक साथ बुजुर्ग दंपती ने ली अंतिम सांस

यह निधन इलाके में बना चर्चा का विषय

हलहलिया में दिखी अनूठी प्रेम की मिशाल

सिमराहा. सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत हलहलिया पंचायत के वार्ड संख्या पांच जागिर हलहलिया गांव में गुरुवार की रात हृदयविदारक घटना सामने आयी. जहां एक बुजुर्ग दंपती का एक घंटे के अंतराल में निधन हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. परिजनों के अनुसार 102 वर्षीय सुकदेव ठाकुर उर्फ मुनी जी व उनकी 98 वर्षीय पत्नी राधा देवी का गुरुवार की रात 10 से 11 बजे के बीच निधन हो गया. बताया जाता है कि पहले पत्नी राधा देवी ने अंतिम सांस ली, इसके कुछ ही समय बाद उनके पति सुकदेव ठाकुर उर्फ मुनी जी ने भी प्राण त्याग दिये. दोनों दंपति का जीवन भर का साथ इस तरह एक साथ समाप्त हो जाने से लोग भावुक हो उठे. दोनों पति-पत्नी का आपसी प्रेम व साथ जीवन भर मिसाल बना रहा. गांव के बुजुर्गों के अनुसार सुकदेव ठाकुर उर्फ मुनी जी मेहनती व मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, वहीं मृतका राधा देवी धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं. दोनों समाज में सम्मानित थे. मृतक दंपति अपने पीछे तीन पुत्र व तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए व नम आंखों से दंपति को अंतिम विदाई दी. गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इसे अटूट दांपत्य प्रेम व जीवन भर के साथ का प्रतीक मान रहे हैं.

…..

पति-पत्नी के बीच विवाद का हुआ निराकरण

अररिया. शुक्रवार को डीएलएसए अंतर्गत मध्यस्थता केंद्र अररिया में 25 साल पुराने वाद का निराकरण किया गया. यह मामला मुकदमा संख्या सी 530/2001 से संबंधित है, जो वर्तमान समय में जुडिशियल मजिस्ट्रेट प्रभात के कोर्ट में चल रहा है. इस मामले में मध्यस्थता के लिए डीएलएसए अंतर्गत मध्यस्थता केंद्र लाया गया. जहां मध्यस्थता केंद्र के प्रशिक्षित मध्यस्थ एसीजेएम सह डीएलएसए सेक्रेटरी रोहित श्रीवास्तव ने पक्षकारों की मौजूदगी में उनकी रजामंदी व आपसी सहमति पर सफल मध्यस्थता करा दिया है. मुख्य विवाद मारपीट व दहेज प्रताड़ना सहित पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने से भी संबंधित बताया गया है. 25 वर्ष पूर्व बीवी रशिदा खातून ने अपने पति मो मोईम उद्वीन व अन्य ससुराल वालों के विरुद्ध सीजेएम कोर्ट में केस किया था. जो वर्तमान में जुडिशियल मजिस्ट्रेट प्रभात के कोर्ट में लंबित है. यह रिकॉर्ड मध्यस्थता के लिए मध्यस्थता केंद्र आया हुआ था. जिसमें मध्यस्थता केंद्र के प्रशिक्षित मध्यस्थ एसीजेएम सह डीएलएसए सेक्रेटरी रोहित श्रीवास्तव ने मध्यस्थता की कार्यवाही कर विवाद को समाप्त करने में सफलता हासिल की है. आवेदिका की ओर से अधिवक्ता तनवीर अरशद व विपक्षी की ओर से अधिवक्ता मिथलेश कुमार झा मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >