दो पत्नियों की हत्या के बाद तीसरी पत्नी की भी हत्या कर पति हुआ फरार

फोरेंसिक टीम मामले की कर रही जांच

जोकीहाट. जोकीहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत तारण पंचायत, वार्ड संख्या 08 में गुरुवार की देर रात पति ने पत्नी संजरी खातून 25 वर्ष की गला दबाकर हत्या कर दी. घटना के बाद शव को छोड़कर पति फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया. जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, इसके बाद यह वारदात हुई. फोरेंसिक टीम भी गांव पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. वह अपने साथ कुछ सेंपल भी अनुसंधान के लिए साक्ष्य के तौर पर ले गयी है. परिजनों ने बताया कि संजरी खातून की शादी तारण पंचायत वार्ड संख्या 08 निवासी अनवार पिता स्व दबीर के साथ हुई थी. संजरी खातून का मायके महलगांव थाना क्षेत्र के उदा से पहुंचे लोगों ने हंगामा किया व हत्यारे पति अनवर की गिरफ्तारी की मांग की. वहीं तारण पंचायत के पूर्व मुखिया मेराज आलम ने बताया कि आरोपित पहले भी दो पत्नियों की हत्या कर चुका है. उन्होंने प्रशासन से हत्यारे को गिरफ्तार कर उम्रकैद की सजा दिलाने की मांग की है. इस संबंध में पुलिस पुराने मामलों की भी जांच कर रही है. थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि मामले की जांच जारी है, जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी कर ली जायेगी. एसएचओ ने यह भी बताया कि आरोपी पहली पत्नी की हत्या व दहेज प्रताड़ना के मामले में लंबे समय तक जेल की सजा काट चुका है व कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोग हत्यारे की शीघ्र गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया है कि यह हत्यारोपित की तीसरी शादी थी. लोगों का कहना था कि रमजान के पाक दिनों में ऐसी घटना शर्मनाक है. थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा. समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >