अररिया : बिहार सरकार के 'सेवा, संकल्प, समर्पण' अभियान के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को राज्य, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी विनोद दूहन ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.
लाइव प्रसारण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला मुख्यालय के परमान सभागार सहित सभी प्रखंड सभागारों और पंचायत स्तर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सुनिश्चित किया जाए. इसके लिए टीवी स्क्रीन, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, फ्लेक्स-बैनर सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.
साथ ही जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी तथा जिला आईटी प्रबंधक को कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारण सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया.
जनभागीदारी पर रहेगा विशेष जोर
डीएम ने सभी बीडीओ और नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, सामाजिक संगठनों, उद्यमियों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि इससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगी.
तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा
बैठक में कार्यक्रम के आयोजन, समन्वय, अतिथियों के स्वागत, विधि-व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया.
बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य प्रशाखा, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, जीविका के जिला प्रबंधक, आईटी प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
