अररिया-रानीगंज मुख्य मार्ग स्थित आरएस मोड़ से महज 200 मीटर आगे बालाजी धर्मकांटा के सामने ट्रकों की मनमानी और अवैध पार्किंग ने मंगलवार देर शाम एक और परिवार का चिराग बुझा दिया.
सड़क के दोनों ओर बेतरतीब खड़े भारी ट्रकों के चलते मुख्य सड़क 6 फीट की संकरी गली में तब्दील हो चुकी थी, जहां आमने-सामने से आ रही दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में अररिया आरएस वार्ड संख्या 04 निवासी राजेश सिंह (पिता स्वर्गीय जगदीश सिंह) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक जीवन और मौत के बीच झूल रहे हैं.
टक्कर इतनी भीषण कि सिर फटा, शरीर के कई हिस्सों में गंभीर फ्रैक्चर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग कांप उठे. हादसे में राजेश सिंह के सिर के परखच्चे उड़ गए और शरीर के कई अंगों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
वहीं दूसरी बाइक पर सवार आरएस वार्ड संख्या 04 निवासी श्याम सुंदर गुप्ता और वार्ड संख्या 06 निवासी रंजीत यादव (पिता स्वर्गीय कपिलेश्वर यादव) लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े. दोनों घायलों के शरीर में मल्टीपल फ्रैक्चर और सिर पर गहरी चोटें आई हैं.
'22 फीट की सड़क को बना दिया 6 फीट की नाली, यह हादसा नहीं हत्या है'
हादसे के बाद सदर अस्पताल परिसर में पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. घायल के परिजन खुशी लाल यादव ने रोते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया.
उन्होंने कहा कि उनका भाई बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रहा था. 22 फीट चौड़ी मुख्य सड़क पर धर्मकांटा संचालकों की शह पर ट्रकों ने दोनों किनारों पर 8-8 फीट तक अवैध कब्जा जमा रखा है. रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ये विशालकाय ट्रक नजर नहीं आते. परिजनों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि साल के 365 दिन यहां यही आलम रहता है और हर दिन हादसे होते हैं; यह महज सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही से की गई सीधी हत्या है.
डायल 112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की आपातकालीन पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को फौरन सदर अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के उपरांत राजेश सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों का आपातकालीन वार्ड में गहन उपचार जारी है.
घटना की जानकारी मिलते ही नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद गौतम कुमार साह सहित आरएस क्षेत्र के कई गणमान्य और प्रबुद्ध नागरिक सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया. यातायात थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करने के साथ-साथ धर्मकांटा के बाहर अवैध रूप से खड़े ट्रकों और चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है.