हत्याकांड के गवाह को दी जान से मारने की धमकी
थानाध्यक्ष से लगायी सुरक्षा की गुहार
घर पर भी किया हमले का प्रयास
अररिया. गत दिनों नगर थाना क्षेत्र के बांसबाड़ी पंचायत स्थित बलवा गांव में एक युवक परवेज की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. नगर थाना में दर्ज कांड संख्या 290/26 में नाबालिग आरोपित की गिरफ्तारी के बाद अब गवाहों को धमकाने का मामला सामने आया है. कांड के प्राथमिक सूचक मो राहिल ने नगर थानाध्यक्ष को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है. उसने नगर थाना में आवेदन देने के दौरान बताया कि उसे फोन पर धमकी 02 जून को दोपहर 1:07 बजे मिली. जिसमें मृतक छोटे भाई परवेज की भाभी नाजरा प्रवीण के मोबाइल संख्या पर 7070195077 से कॉल आया. कॉल करने वाले अररिया नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 निवासी तौफिस पिता मुजीब ने गाली-गलौज करते हुए “अभी दो और हत्या होगी की धमकी दी. इस कॉल की 04 मिनट 04 सेकंड की रिकॉर्डिंग नगर थाना पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है. पीड़ित आवेदनकर्ता राहिल ने बताया कि उसी रात 12:30 बजे तौफिस अपने 04 अन्य साथियों के साथ उसके घर के पास पहुंचा. उस वक्त राहिल, गुलरेज, फिरोज, तसबुल, मसरूर, मुंतजीर, चुन्ना व अन्य लोग छत पर मिले धमकी के कारण निगरानी कर रहे थे. शोर मचाने पर आरोपी बांस की झाड़ी से रमना की ओर भाग गए. उक्त दोनों घटना के बाद से परिवार में काफी दहशत का माहौल है. राहिल ने आवेदन में लिखा है कि लगातार मिल रही धमकियों से उनका परिवार व आसपास के लोग भयभीत हैं. उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई व सुरक्षा की मांग की है.