आरोपित का पुराना रहा है आपराधिक इतिहास -9-प्रतिनिधि, अररिया गत 13 फरवरी को आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत रहिकपुर गांव स्थित छठ घाट पोखर के किनारे एक व्यक्ति का शव मिला था. जिसमें घटना की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ रामपुकार सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी संतोष कुमार पोद्दार व माधुरी कुमारी सहित आरएस थानाध्यक्ष अजीत चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे व शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी. जांच पड़ताल में शव की शिनाख्त नगर थाना क्षेत्र के बेलवा वार्ड संख्य 04 निवासी मो आलम (50) पिता स्व ताहिर हुसैन के रूप में हुई थी. जो अपने ससुराल अररिया आरएस थाना क्षेत्र के रहिकपुर में रहता था. वहीं मौजूद पुलिस को छठ घाट पर पड़े मृतक के शव के गले पर गहरे जख्म के निशान मिले थे. जिसमें मृतक की पत्नी के द्वारा पुराने रंजिश के कारण अपने पति की हत्या किये जाने के आरोप में पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए आरएस थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. इसको लेकर एसपी अंजनी कुमार ने अपने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर अग्रेतर जानकारी प्रेषित की है. एसपी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज के बाद कांड का अनुसंधान आरएस थाना पुलिस ने प्रारंभ किया. कांड के वैज्ञानिक अनुसंधान व कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर ली गयी. संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने अपने हिरासत में लेकर संबंधित घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उक्त व्यक्ति आरएस थाना क्षेत्र के जेल गेट समीप अपने ससुराल निवासी राजू शर्मा (35) पिता रामप्रकाश शर्मा ने मृतक मो आलम की हत्या करने की बात स्वीकार की. आरोपी मूलत: उत्तरप्रदेश के जिला जालौन थाना व गांव उरई का निवासी है. आरोपित के द्वारा बताये गये चिन्हित स्थान से घटना में प्रयुक्त चाकू को भी पुलिस ने बरामद कर लिया. पुलिस ने घटना को अंजाम देने के समय पहने गये कपड़े को भी बरामद कर लिया है. पुलिसिया अनुसंधान के क्रम में यह बात सामने आया कि मृतक व अभियुक्त के बीच गत 12 फरवरी की संध्या में रहिकपुर छठ घाट पोखर पर नशे की हालत में झड़प हुई. जिसमें उक्त आरोपित द्वारा अपने पास रखे चाकू से मो आलम के गले पर वार कर दिया. जिससे मो आलम की मौके पर मौत हो गई। पुलिस द्वारा पकड़े गये आरोपित का आपराधिक इतिहास रहा है. जिसमें फारबिसगंज थाना कांड संख्या 538/19 में प्राथमिकी दर्ज अभियुक्त रहा है. मौके पर मुख्यालय डीएसपी फखरे आलम, प्रशिक्षु डीएसपी संतोष कुमार पोद्दार व माधुरी कुमारी सहित अररिया आरएस थानाध्यक्ष अजीत कुमार चौधरी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
