Araria News: अररिया स्कूल जा रही दो सगी बहनों के साथ अभद्र व्यवहार करने के प्रयास का मामला सामने आया है. बुधवार को फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के मिर्जापुर में हुई इस घटना के बाद दोनों छात्राएं डरकर भागीं और कुछ दूरी पर स्थित भरत बैठा के घर में जाकर छिप गयीं. आरोप है कि युवक वहां भी पहुंच गया और छात्राओं को घर से बाहर निकालने की धमकी देने लगा. शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
डरकर भागीं दोनों बहनें, दूसरे के घर में छिपीं
जानकारी के अनुसार, बुधवार को दो सगी बहनें विद्यालय जा रही थीं. इसी दौरान मिर्जापुर पंचायत के वार्ड संख्या दो निवासी अमान अहमद पर दोनों के साथ अभद्र व्यवहार करने का प्रयास करने का आरोप लगा. घटना के बाद दोनों बहनें डरकर वहां से भागने लगीं.
भागते हुए दोनों बहनें घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित भरत बैठा के घर पहुंचीं और वहां जाकर छिप गयीं. बताया गया कि इसके बाद आरोपी युवक भी भरत बैठा के घर पहुंच गया.
घर का दरवाजा पीटकर छात्राओं को बाहर निकालने की धमकी
आरोप है कि अमान अहमद ने भरत बैठा के घर के दरवाजे पर धक्का दिया और दोनों छात्राओं को घर से बाहर निकालने की धमकी देने लगा. इस दौरान भरत बैठा के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है.
घर से हल्ले की आवाज सुनने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गयी. ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और घटना की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी.
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना की सूचना मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि मो. सरवर, मो. गुड्डू, वार्ड सदस्य अनिल बैठा, मनीष साह, चौकीदार प्रमोद ठाकुर, चंद्रानंद पासवान समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश था. जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने समझा-बुझाकर भीड़ को शांत कराया.
इसके बाद घटना की जानकारी सिमराहा थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही सिमराहा थाना के दारोगा कमलाकांत शर्मा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे.
Araria News: पुलिस आरोपी को थाना ले गयी
पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी युवक को अपने नियंत्रण में लिया और उसे थाना ले गयी. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद इलाके में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गयी है.
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Also Read: बिहार में बाढ़ ने रोकी बिहार के बच्चों की पढ़ाई, कहीं स्कूल डूबे तो कहीं रास्ते बने बाधा
Also Read: बिहार में बाढ़ से 40 लाख से ज्यादा लोग खतरे में, 14 जिलों में स्थिति गंभीर, उफान पर नदियां
