Matric Exam 2028 Registration: अररिया बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2028 की तैयारी शुरू हो गयी है. परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन पंजीयन और अनुमति आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. सत्र 2027-28 के विद्यार्थियों का पंजीयन 5 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक किया जायेगा. जिला शिक्षा पदाधिकारी साहेब आलम ने जिले के सभी संबंधित उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है.
24 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीयन का मौका
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2028 के लिए छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन पंजीयन और अनुमति आवेदन 5 सितंबर से शुरू हो चुका है. इसके लिए 24 सितंबर 2026 तक समय निर्धारित किया गया है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी साहेब आलम ने पत्रांक 1639, दिनांक 8 जुलाई 2026 के माध्यम से जिले के सभी राजकीय, राजकीयकृत, प्रोजेक्ट और उत्क्रमित उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा प्रभारी प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश जारी किया है.
समिति के पोर्टल पर अपलोड करना होगा घोषणा पत्र
डीइओ की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि परीक्षा नियंत्रक (माध्यमिक), बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के पत्रांक 446/26-के0-2103, दिनांक 5 सितंबर 2026 के आलोक में ऑनलाइन शुल्क जमा करते हुए पंजीयन आवेदन भरना है.
इसके साथ ही छात्र-छात्राओं की विवरणी की शुद्धता और सत्यापन के लिए हस्ताक्षरित घोषणा पत्र को भी समिति के पोर्टल पर अपलोड करना होगा. विद्यालयों को पंजीयन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करनी होगी.
सभी विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित कराने का निर्देश
डीइओ साहेब आलम ने विद्यालयों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से जारी पत्र में दिये गये सभी निर्देशों का अक्षरशः और कंडिकावार अनुपालन किया जाये. निर्धारित अवधि में जिले के सभी पात्र छात्र-छात्राओं का पंजीयन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी विद्यालय प्रधानों की होगी.
ऐसे में विद्यार्थियों को भी अपने विद्यालय से संपर्क कर पंजीयन की प्रक्रिया समय पर पूरी कराने की सलाह दी गयी है, ताकि अंतिम तिथि के समय किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
Matric Exam 2028 Registration: निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली तो होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पंजीयन शुल्क को लेकर भी विद्यालयों को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि छात्र-छात्राओं से पंजीयन के नाम पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि नहीं ली जाये.
यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायत सामने आती है, तो संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जायेगी. इसकी पूरी जवाबदेही संबंधित प्रधानाध्यापक की होगी.
इस निर्देश के बाद विद्यालयों को पंजीयन प्रक्रिया के साथ-साथ शुल्क वसूली में भी समिति के निर्धारित नियमों का पालन करना होगा.
Also Read: बिहार में बाढ़ ने रोकी बिहार के बच्चों की पढ़ाई, कहीं स्कूल डूबे तो कहीं रास्ते बने बाधा
Also Read: बिहार में बाढ़ से 40 लाख से ज्यादा लोग खतरे में, 14 जिलों में स्थिति गंभीर, उफान पर नदियां
