अररिया : सावन माह की अंतिम सोमवारी पर कुर्साकांटा का ऐतिहासिक सुंदरनाथ धाम समेत प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालय श्रद्धालुओं से गुलजार रहे. अहले सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर परिसर हर-हर महादेव और नमः शिवाय के जयकारों से गूंजता रहा.
सुबह पांच बजे खुले मंदिर के कपाट
सुंदरनाथ धाम के महंत सिंहेश्वर गिरी के अनुसार दैनिक पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के गर्भगृह का पट सुबह पांच बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया. अंतिम सोमवारी को लेकर कटिहार के मनिहारी से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुंदरनाथ धाम पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.
सुरक्षा को लेकर पुलिस और एसएसबी की तैनाती
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुआड़ी थानाध्यक्ष विकास कुमार, कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार और सोनामनी गोदाम थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर में मौजूद रहे. सुरक्षा व्यवस्था में एसएसबी जवानों के साथ स्काउट एंड गाइड की टीम भी तैनात रही.
सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी
सुंदरी मठ न्यास समिति के कोषाध्यक्ष प्रणव गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए नल से पेयजल की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा निःशुल्क मेडिकल कैंप भी लगाया गया है. असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरे से भी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है.
न्यास समिति के अनुसार अंतिम सोमवारी पर डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए न्यास समिति के सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियों में तैनात रहे और पूरे दिन व्यवस्था संभालते रहे.
