सुंदरनाथ धाम में श्रावणी पूर्णिमा को लेकर तैयारी तेज, मंदिर से डेढ़ किमी पहले रोके जाएंगे वाहन

ऐतिहासिक सुंदरनाथ धाम में श्रावणी महोत्सव और श्रावणी पूर्णिमा के लिए तैयारियां ज़ोरों पर हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन और न्यास समिति ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं. ड्रोन और मेटल डिटेक्टर से भी निगरानी रखी जाएगी.

अररिया, कुर्साकांटा. ऐतिहासिक शिव मंदिर सुंदरनाथ धाम में श्रावणी महोत्सव और श्रावणी पूर्णिमा पर होने वाले भक्ति जागरण को लेकर प्रशासन और न्यास समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार की शाम सुंदरनाथ धाम परिसर स्थित कार्यालय में सुंदरी मठ न्यास समिति और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में अंतिम सोमवारी को उमड़ी अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

सभी दिशाओं से आने वाले वाहनों को पहले ही रोकने का निर्णय

बैठक की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सह सिकटी विधायक एवं सुंदरी मठ न्यास समिति के अध्यक्ष विजय कुमार मंडल ने की. बैठक में तय किया गया कि सभी दिशाओं से आने वाले वाहनों को मंदिर से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर पहले ही रोक दिया जाएगा. इसके बाद श्रद्धालु पैदल सुंदरनाथ धाम पहुंचेंगे. इससे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में भीड़ तथा यातायात के दबाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी.

भक्ति जागरण और पूर्णिमा पर रहेगी पर्याप्त सुरक्षा

गुरुवार की रात आयोजित होने वाले भक्ति जागरण कार्यक्रम तथा शुक्रवार को सावन माह की पूर्णिमा के अवसर पर पर्याप्त संख्या में वालंटियर और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी.

शिवगंगा के जल से होगा जलाभिषेक

श्रद्धालुओं के लिए शिवगंगा के जल से ही जलाभिषेक की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा परिसर में पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, एंबुलेंस, दमकल और गोताखोरों की भी व्यवस्था रहेगी.

ड्रोन और मेटल डिटेक्टर से होगी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरा और मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था भी की जाएगी. प्रशासन और न्यास समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे आयोजन पर निगरानी रखी जाएगी.

विधायक ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की

एसडीएम दीक्षित श्वेतम, ट्रैफिक डीएसपी तरुण कुमार पांडेय, कुआड़ी थानाध्यक्ष विकास कुमार, सोनामनी गोदाम थानाध्यक्ष चंदन कुमार, पूर्व प्रमुख सुशील सिंह, पुअनि सुरेंद्र सिंह, महंत सिंहेश्वर गिरी समेत न्यास समिति के सदस्य और अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद रहे. विधायक विजय कुमार मंडल ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से श्रावणी महोत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सफल बनाने में सहयोग की अपील की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दिलीप सिंह

दिलीप सिंह प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुर्साकांटा (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >