कुर्साकांटा प्लस टू स्कूल में भवन निर्माण पर उठे सवाल, घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप

कुर्साकांटा के प्लस टू हाई स्कूल में भवन निर्माण के दौरान घटिया सामग्री के इस्तेमाल से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, मुखिया ने काम रुकवाया।

अररिया : कुर्साकांटा के प्लस टू हाई स्कूल कुआड़ी में लाखों रुपये की लागत से चल रहे भवन निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध जताया. निर्माण में कथित अनियमितता की जानकारी मिलने के बाद मुखिया वीणा देवी ग्रामीणों के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचीं और काम की जांच की.

मुखिया वीणा देवी ने आरोप लगाया कि छात्रों के लिए बन रहे भवन में निर्माण एजेंसी द्वारा गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी की जा रही है. उन्होंने कहा कि निर्माण में घटिया सरिया, स्थानीय बालू और दोयम दर्जे की ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसकी जानकारी संबंधित वरीय पदाधिकारियों को दी गयी है. इसके बाद निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया गया.

निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी गयी. सुभाष यादव, सरोज यादव, सरदार गोरख सिंह, मो. अबरार आलम, अखिलेश सिंह, तेजनारायण सिंह, नितेश प्रभाकर और मुरली माही समेत दर्जनों ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से मामले की जांच कराने और भवन का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराने की मांग की.

गुणवत्ता के साथ कराया जायेगा निर्माण

निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोप को लेकर कनीय अभियंता, बीआईडीसी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि भवन निर्माण कार्य गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप कराया जायेगा. निर्माण में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >