18 साल से इंतजार… अब रोज चलेगी कोलकाता ट्रेन? सीमांचल के यात्रियों ने सांसद के सामने रखीं बड़ी मांगें

Jogbani Railway News: जोगबनी रेलखंड की समस्याओं को लेकर फारबिसगंज सिविल सोसाइटी ने बैठक की. कोलकाता ट्रेन रोज चलाने, नई ट्रेन और ज्यादा बोगियों की मांग सांसद को सौंपी जाएगी.

फारबिसगंज(अररिया) से रिपोर्ट

Jogbani Railway News: सीमांचल के लाखों रेल यात्रियों की परेशानियां एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं. रोजमर्रा की यात्रा से लेकर लंबी दूरी की ट्रेनों की कमी तक, कई ऐसी समस्याएं हैं जिनका सामना लोग वर्षों से कर रहे हैं. अब इन मुद्दों को लेकर फारबिसगंज की सिविल सोसाइटी खुलकर सामने आई है. बैठक में ऐसे कई प्रस्ताव पारित किए गए हैं, जिनके लागू होने पर जोगबनी, अररिया, फारबिसगंज और आसपास के इलाकों के यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है.

सबसे अहम मांग उस ट्रेन को लेकर उठी है, जिसका इंतजार सीमांचल के लोग पिछले करीब 18 वर्षों से कर रहे हैं. अब इन मांगों को सांसद के माध्यम से रेलवे मंत्रालय तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है.

रेल यात्रियों की मुश्किलें बनी बैठक का बड़ा मुद्दा

एनएफ रेलवे के कटिहार डिवीजन अंतर्गत जोगबनी-कटिहार रेलखंड की समस्याओं को लेकर फारबिसगंज सिविल सोसाइटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक संरक्षक बछराज राखेचा के आवास पर हुई, जिसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा ने की.

बैठक में मौजूद सदस्यों ने कहा कि सीमांचल में रेल सेवाओं का विस्तार तो हुआ है, लेकिन यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं अब भी नहीं मिल पा रही हैं. रोज यात्रा करने वाले छात्रों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

18 साल पुरानी मांग फिर उठी, कोलकाता ट्रेन रोज चलाने की अपील

बैठक में सबसे प्रमुख प्रस्ताव जोगबनी से कोलकाता जाने वाली चितपुर एक्सप्रेस को लेकर रखा गया. वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में केवल तीन दिन चलती है. सिविल सोसाइटी का कहना है कि पिछले 18 वर्षों से यह व्यवस्था जारी है, जबकि यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है.

सदस्यों ने मांग की कि इस ट्रेन का संचालन प्रतिदिन किया जाए, ताकि सीमांचल के लोगों को कोलकाता आने-जाने में बेहतर सुविधा मिल सके और प्रतीक्षा सूची की समस्या भी कम हो.

Jogbani Railway News: नई रेल लाइन से सिलीगुड़ी जोड़ने की भी उठी मांग

बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि जोगबनी से सिलीगुड़ी जाने वाली ट्रेन को अब कटिहार के बजाय नवनिर्मित अररिया-ठाकुरगंज रेलखंड के रास्ते चलाया जाए. इससे यात्रा का समय कम हो सकता है और सीमांचल के कई नए क्षेत्रों को भी सीधा रेल संपर्क मिलेगा.

सिविल सोसाइटी का मानना है कि नई रेल लाइन का पूरा लाभ तभी मिलेगा, जब उस पर नियमित ट्रेन परिचालन शुरू किया जाएगा.

नई ट्रेन और ज्यादा बोगियों की मांग भी उठी

बैठक में जोगबनी-कटिहार पैसेंजर ट्रेन में न्यूनतम 12 कोच लगाने की मांग भी की गई. यात्रियों का कहना है कि वर्तमान में भीड़ के कारण सफर करना मुश्किल हो जाता है.

इसके अलावा सुबह करीब 8:30 बजे जोगबनी से कटिहार के लिए और वापसी में दोपहर करीब 12 बजे कटिहार से जोगबनी के लिए नई ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया. इससे दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई गई.

बांकीपुर उपचुनाव के ऐलान के बाद हटने लगे पोस्टर बैनर.

अब सांसद को सौंपा जाएगा ज्ञापन

बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि सभी मांगों का विस्तृत ज्ञापन अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह को सौंपा जाएगा. बैठक के दौरान सांसद से दूरभाष पर भी संपर्क किया गया. उन्होंने जल्द फारबिसगंज पहुंचकर सिविल सोसाइटी के सदस्यों से मुलाकात करने और रेल समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने का आश्वासन दिया.

बैठक में विनोद सरावगी, अजातशत्रु अग्रवाल, वाहिद अंसारी, सुभाष अग्रवाल, इंजीनियर आयुष अग्रवाल सहित कई सदस्य मौजूद रहे. अब सीमांचल के रेल यात्रियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इन मांगों पर रेलवे और जनप्रतिनिधियों की ओर से कितना सकारात्मक कदम उठाया जाता है.

Also Read: लाखों खर्च के बाद भी बदहाल घाटशिला, जाम नालियां, सड़कों पर जलजमाव और कचरे के ढेर से लोग परेशान

Also Read: भोजपुर में स्कॉर्पियो ट्रेलर से टकराई: नेपाल से घूमकर लौट रहे झारखंड के कपल समेत तीन की मौत, एक की हालत गंभीर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipul bishwash

विपुल विश्वास प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >