फारबिसगंज (अररिया). फारबिसगंज थाना में दर्ज अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे तीन अभियुक्तों और एक कुर्की वारंटी समेत कुल चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में मो जावेद, मो आफताब उर्फ रिंकू, दिलखुश और आजाद उर्फ बंठा शामिल हैं. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया.
एनडीपीएस मामले में फरार मो जावेद गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार फारबिसगंज थाना कांड संख्या 388/26 में फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त मो जावेद, पिता हाजी लतीफ, निवासी रामपुर उत्तर वार्ड संख्या 11 को पूर्णिया एसटीएफ के सहयोग से अररिया जीरो माइल के समीप से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक रामपुर में पुलिस पर हुए हमले से संबंधित कांड संख्या 407/19 में भी उसकी तलाश थी.
मो आफताब उर्फ रिंकू को भी दबोचा
फारबिसगंज थाना कांड संख्या 259/25 में फरार चल रहे अप्राथमिकी अभियुक्त मो आफताब उर्फ रिंकू, पिता मो सज्जाद, निवासी हरिपुर वार्ड संख्या 6 को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया. यह मामला एनडीपीएस से संबंधित बताया गया है.
हत्या कांड के फरार आरोपी दिलखुश गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या कांड से संबंधित फारबिसगंज थाना कांड संख्या 178/25 में फरार चल रहे दिलखुश, पिता मो फारूक, निवासी रामपुर उत्तर वार्ड संख्या 11 को भी अररिया जीरो माइल के समीप छापेमारी कर गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार स्मैक को लेकर हसीब नामक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल किया गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी. इसी मामले में दर्ज प्राथमिकी में दिलखुश फरार चल रहा था.
कुर्की के फरार वारंटी आजाद उर्फ बंठा गिरफ्तार
इसके अलावा पुलिस ने कुर्की के फरार वारंटी आजाद उर्फ बंठा, पिता इस्लाम, निवासी हरिपुर थाना फारबिसगंज को भी गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ कुर्की का वारंट जारी था.
चारों आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गए
फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने चारों गिरफ्तारियों की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि सभी आरोपितों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेजा गया है. छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष मनोज कुमार के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक आशुतोष कुमार मिश्रा, पुलिस अवर निरीक्षक अमित राज, स्थानीय पुलिस बल और पूर्णिया एसटीएफ की टीम शामिल रही.
