Araria Encroachment Issue: भरगामा (अररिया). प्रखंड क्षेत्र की पैकपार पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित जितिया मंदिर के समीप नहर किनारे हुए अतिक्रमण के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप है कि अतिक्रमण के कारण नहर का जल निकासी मार्ग बंद हो गया है, जिससे बरसात का पानी आसपास के क्षेत्रों में जमा हो रहा है.
नहर का निकास मार्ग बंद होने से बढ़ी परेशानी
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से कई पंचायतों का बरसाती पानी इसी नहर के माध्यम से निकलता था. लेकिन कुछ लोगों द्वारा नहर किनारे अतिक्रमण कर जल निकासी के कन्वर्ट को बंद कर दिए जाने से पानी का बहाव रुक गया है. इसके कारण हर वर्ष बारिश के दौरान जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है.
सैकड़ों एकड़ फसल पर संकट
ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी बाधित होने से सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो जाती है. इससे धान सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है. जलस्तर बढ़ने पर पानी गांव के घरों तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
अतिक्रमण हटाने की उठी मांग
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर से अतिक्रमण हटाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था बहाल करने की मांग की. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो लगातार बारिश के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती है.
आंदोलन की दी चेतावनी
Araria Encroachment Issue: प्रदर्शन में सुधीर प्रसाद सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, परमानंद मंडल, रामानंद मंडल, जगदीश मंडल, अखिलेश मंडल, इतवारी मंडल, सुबोध मंडल, बिंदु सिंह, सदानंद सिंह, सागर कुमार निराला सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.
