टीबी मुक्त भारत अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लक्ष्य के अनुरूप कार्य में लाएं तेजी : डीएम

जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. समीक्षा बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति का जायजा लिया गया और लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई.

अररिया : जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान में अब और तेजी लाई जाएगी. सोमवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चल रहे एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई.

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने तथा टीबी स्क्रीनिंग, जांच और उपचार में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान, गुणवत्तापूर्ण जांच, नियमित उपचार और मरीजों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ दिलाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

समीक्षा के दौरान टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे जांच, एनएएटी टेस्टिंग, डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट, निक्षय मित्र योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) की प्रखंडवार प्रगति का जायजा लिया गया. जिलाधिकारी ने अधिकारियों से अभियान की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

बैठक में निक्षय मित्रों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने, टीबी मरीजों को समय पर डीबीटी की राशि उपलब्ध कराने तथा उपचाररत मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को समयबद्ध तरीके से टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल करने का निर्देश दिया.

बैठक में बारिश के मौसम को देखते हुए डेंगू और चिकनगुनिया की स्थिति की भी समीक्षा की गई. उन्होंने बचाव और रोकथाम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

बैठक में सिविल सर्जन, गैर संचारी रोग पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक तथा जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मौजूद थे.

और पढ़ें : डीएम के जनता दरबार में पहुंचे 56 मामले, त्वरित कार्रवाई के निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pankaj jha

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >