अररिया के पलासी में शुरू हुआ सुधा बिक्री केंद्र, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर, ₹288 में पशु बीमा की सुविधा

अररिया के पलासी प्रखंड में सुधा बिक्री केंद्र का उद्घाटन हुआ है. इस पहल से किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने की उम्मीद है. योजना के तहत मात्र ₹288 में पशु बीमा की सुविधा भी उपलब्ध है.

Palasi Sudha Sales Centre: अररिया, पलासी प्रखंड के चहटपुर पंचायत में बुधवार को सुधा बिक्री केंद्र की शुरुआत हुई. सात निश्चय योजना-3 के तहत कोशी डेयरी प्रोजेक्ट अंतर्गत संचालित इस बिक्री केंद्र का जिलाधिकारी विनोद दूहन ने फीता काटकर उद्घाटन किया. इस दौरान डीएम ने कहा कि दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण है.

उन्होंने बताया कि सात निश्चय-3 के तहत प्रत्येक गांव में दुग्ध समिति बनायी गयी है. इन समितियों के माध्यम से पशुपालक अपने उत्पादित दूध की उचित मूल्य पर खरीद-बिक्री कर सकेंगे. इससे किसान खेती के साथ पशुपालन को आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में विकसित कर सकेंगे.


सुधा केंद्र से स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार

डीएम विनोद दूहन ने कहा कि सुधा बिक्री केंद्र के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा. इससे स्थानीय उद्यमियों को भी कारोबार बढ़ाने का बेहतर अवसर मिलेगा.

उन्होंने जीविका दीदियों से भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ने और पशुपालन तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की. इससे ग्रामीण स्तर पर दुग्ध उत्पादन से जुड़ी गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है.

₹288 में पशु बीमा, मौत पर 50 हजार तक मुआवजा

कार्यक्रम के दौरान डीएम ने पशुपालकों के लिए पशु बीमा योजना की जानकारी भी दी. उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत मात्र 288 रुपये में पशु का बीमा कराया जा सकता है. पशु की मृत्यु होने की स्थिति में बीमित पशु के लिए 50 हजार रुपये तक का मुआवजा मिलने का प्रावधान है.

पशुपालकों के लिए पशुधन उनकी आय का महत्वपूर्ण साधन है. ऐसे में बीमा सुविधा से पशु की मृत्यु की स्थिति में होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है.

20 दुग्ध संग्रहण समितियों के सदस्यों को मिली सामग्री

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण स्तर पर चयनित 20 दुग्ध संग्रहण समितियों के सदस्यों के बीच सामग्री का वितरण किया. अधिकारियों और समिति के सदस्यों के साथ दुग्ध संग्रहण और पशुपालन को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई.

कार्यक्रम में कोशी डेयरी प्रोजेक्ट के मुख्य कार्यपालक महताब आलम, संग्रहण प्रभारी दिनेश सिंह, पशु चिकित्सक उज्ज्वल कुमार, चारा विकास पदाधिकारी आदित्य कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.

Palasi Sudha Sales Centre: अंचल और प्रखंड कार्यालय का भी किया निरीक्षण

सुधा बिक्री केंद्र के उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी विनोद दूहन ने अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सेवा पुस्तिका, सैरात पंजी, अतिक्रमण पंजी, केस बुक और 48 डी पंजी का गहन निरीक्षण किया. डीएम ने अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

इसके बाद उन्होंने प्रखंड कार्यालय का भी जायजा लिया. यहां अंकेक्षण पंजी, कन्या विवाह पंजी, रोकड़ पंजी और षष्ठम वित्त योजना पंजी का निरीक्षण किया गया. डीएम ने बीडीओ कुमार अनिकेत को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

मौके पर एडीएम नवनील कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि सदानंद यादव, मुखिया रूबी शोएब, पीओ अख्तर आलम, विकास कुमार, शत्रुधन कुमार, डीडीओ शिव नारायण सिंह, दिवाकर चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद थे.

फोटो,डीएम अररिया द्वारा उद्घाटन करते हुए | Prabhat Khabar Network

Also Read: बिहार में बाढ़ ने रोकी बिहार के बच्चों की पढ़ाई, कहीं स्कूल डूबे तो कहीं रास्ते बने बाधा

Also Read: बिहार में बाढ़ से 40 लाख से ज्यादा लोग खतरे में, 14 जिलों में स्थिति गंभीर, उफान पर नदियां

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >