अररिया. समाहरणालय स्थित परमान सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 68 लोगों ने विभिन्न मामलों से जुड़ी अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखी. सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इसके त्वरित समाधान का आदेश दिया. जनता दरबार में फसल क्षति, नल-जल योजना के ऑपरेटरों का लंबित मासिक भुगतान, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना, शिक्षा विभाग में कथित फर्जी बहाली, आंगनबाड़ी सेविका चयन, बासगीत पर्चा की जमीन पर कब्जा, जमीन निबंधन से संबंधित लोगों की शिकायतें सामने आयी. भरगामा प्रखंड के कृष्णचंद दास ने जेबीसी नहर बिंदु-74 से संबंधित राजस्व मामले में अनियमितता की शिकायत दर्ज की. रानीगंज निवासी आदित्य कुमार ने चिकित्सकीय लापरवाही के कारण अपनी बहू की मौत की शिकायत की. जोकीहाट निवासी मो फिरोज आलम ने शिक्षा विभाग में फर्जी बहाली से संबंधित अपनी शिकायत डीएम के समक्ष रखा. अररिया निवासी शमीम अख्तर ने नल-जल योजना के अंतर्गत ऑपरेटरों के लंबित भुगतान की शिकायत जिलाधिकारी से की. डीएम ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध व निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई करते हुए शिकायतों के त्वरित समाधान का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.
डीएम ने की 68 मामलों की सुनवाई
शिकायतों के त्वरित समाधान का दिया आदेश
