सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं होली : एसपी

होलिका दहन में बरतें सावधानी

अररिया. होली पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर अररिया पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस रिलीज में बताया कि होली के दौरान “क्या करें व क्या न करें” संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की है. ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बनी रहे व सभी लोग सुरक्षित तरीके से त्योहार मना सकें. जारी निर्देशों के अनुसार होलिका दहन के लिए खुली जगह का चयन करने को कहा गया है. जो घनी आबादी वाले क्षेत्रों से दूर हो. साथ ही पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, विद्युत प्रवाहित तार, झोपड़ी या फसल लगे खेतों के समीप होलिका दहन करने से सख्त परहेज करने की सलाह दी गई है. साथ ही पुलिस ने होलिका की ऊंचाई सीमित रखने व बच्चों को आग से सुरक्षित दूरी पर रखने की बात कही है. किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी व रेत पहले से एकत्र रखने व आसपास अग्निशामक यंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की गई है. साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण में तैनात दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों को सहयोग देने की भी बात कही गई है. होली त्योहार में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी गई है व लाउडस्पीकर को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बजाने का निर्देश दिया गया है. अश्लील या आपत्तिजनक गीतों के प्रयोग पर रोक लगाई गयी है. शराब व अन्य मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की सलाह दी गयी है. होलिका दहन के दौरान पटाखे व आतिशबाजी से बचने को कहा गया है. एसपी जितेंद्र कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि सभी नागरिकों के सहयोग से ही होली का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >