बसैटी बाजार में ब्रिटिशकालीन पलटनिया सड़क बनी तालाब, जलजमाव से राहगीर बेहाल

बसैटी बाजार की ब्रिटिशकालीन दस नंबर पलटनिया सड़क की हालत बेहद खराब है. बरसात में जलजमाव और बड़े गड्ढों ने राहगीरों का जीना मुश्किल कर दिया है. तीन साल पहले हुए जीर्णोद्धार के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है.

अररिया : रानीगंज प्रखंड क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलियों के विकास के सरकारी दावों के बीच बसैटी बाजार स्थित ऐतिहासिक ब्रिटिशकालीन दस नंबर पलटनिया सड़क बदहाल स्थिति में है. बरसात के कारण सड़क पर जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की जर्जर हालत के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं.

तीन साल पहले हुआ था जीर्णोद्धार, फिर भी बदहाल सड़क

स्थानीय लोगों के अनुसार डाक बंगला से पूर्णिया सीमा तक इस सड़क का करीब तीन वर्ष पहले जीर्णोद्धार कराया गया था. इसके बावजूद बसैटी बाजार में सड़क फिर से गड्ढों में तब्दील हो गई है. बरसात में सड़क पर पानी जमा रहने से यह तालाब जैसी दिखाई देती है. जलजमाव के कारण दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है.

ब्रिटिश काल से जुड़ा है सड़क का इतिहास

बुजुर्ग बताते हैं कि इस सड़क का निर्माण अंग्रेजों के शासनकाल में हुआ था. उस समय इस मार्ग से अंग्रेजों की दस नंबर पलटन की सैन्य गाड़ियां गुजरती थीं, जिसके कारण इसका नाम 'दस नंबर पलटनिया सड़क' पड़ा. यह सड़क नेपाल सीमा से पूर्णिया तक जाती है और लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़क रही है.

जनप्रतिनिधियों ने भी उठाया मुद्दा

जदयू के जिला उपाध्यक्ष आदिल मुख्तार ने कहा कि बसैटी बाजार में जलजमाव और गड्ढों की समस्या गंभीर है. उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका. वहीं रानीगंज विधायक अविनाश मंगलम ने कहा कि मामले को विभागीय अधिकारियों के समक्ष उठाकर जल्द मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा.

स्थानीय लोगों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था और गड्ढों को भरने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो बरसात के दौरान हादसों का खतरा और बढ़ जाएगा.

और पढ़ें : ट्रैक्टर हादसे के पीड़ितों से मिले सांसद प्रदीप कुमार सिंह, हर संभव मदद का दिया भरोसा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

रविंद्र यादव प्रिंट माध्यम में 08 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. रानीगंज (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >