Araria News: नरपतगंज (अररिया). प्रखंड क्षेत्र में शनिवार सुबह चंदा कोशी नहर के दक्षिण भाग स्थित एक गड्ढे के पानी में 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान फुलकाहा थाना क्षेत्र के भंगही पंचायत अंतर्गत मिल्की डुमरिया वार्ड संख्या-8 निवासी संजय यादव (45), पिता रामानंद यादव के रूप में हुई है.
धान का खेत देखने गए ग्रामीणों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह ग्रामीण धान की फसल देखने खेत की ओर गए थे. इसी दौरान उनकी नजर गड्ढे के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत नरपतगंज थाना पुलिस को सूचना दी.
बीते शुक्रवार से लापता थे संजय यादव
परिजनों ने बताया कि संजय यादव शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राजमिस्त्री की तलाश में घर से निकले थे. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी खोजबीन कर रहे थे. शनिवार सुबह घटनास्थल पर भीड़ की सूचना मिलने पर उनका पुत्र वहां पहुंचा और कपड़े एवं चप्पल के आधार पर शव की पहचान की.
डूबने की आशंका, पुलिस कर रही जांच
स्थानीय लोगों का कहना है कि शौच के दौरान पैर फिसलने से गड्ढे में गिरने और डूबने से उनकी मौत हुई हो सकती है. हालांकि पुलिस ने कहा है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
Araria News: थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया गया है. आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
