Bihar Police Exam 2026: अररिया जिले में केंद्रीय चयन पर्षद सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा रविवार 28 जून को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी. जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगी. जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है, क्योंकि पूर्वाह्न 10 बजे तक ही रिपोर्टिंग का समय निर्धारित किया गया है. इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हर केंद्र पर दंडाधिकारी और पुलिस तैनात
परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. डीएम विनोद दूहन और एसपी की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर सभी 19 परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. परीक्षा संचालन के लिए अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन नवनील कुमार को परीक्षा समन्वयक और वरीय उप समाहर्ता चंद्रशेखर यादव को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है.
मोबाइल, स्मार्ट वॉच और ब्लूटूथ पर पूरी तरह रोक
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि वैध प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने की अनुमति नहीं होगी. अभ्यर्थियों की संघन फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा. प्रवेश प्रक्रिया सुबह 10 बजे से 11 बजे तक चलेगी.
परीक्षा खत्म होने से पहले नहीं निकल सकेंगे अभ्यर्थी
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू रहेगी. साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास संचालित फोटोस्टेट दुकानों को भी बंद रखने का निर्देश दिया गया है.
Bihar Police Exam 2026: कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय
परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06453-222309 सक्रिय रहेगा. परीक्षा की संपूर्ण विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित एसडीओ और एसडीपीओ को सौंपी गई है.
