बिहार कांग्रेस सेवादल का महाआंदोलन : वित्त रहित शिक्षकों के लिए नियमित वेतन और सम्मान की मांग

वित्त रहित शिक्षकों को नियमित वेतनमान और अन्य सुविधाएं देने की मांग को लेकर बिहार कांग्रेस सेवादल ने अररिया में राज्यव्यापी महाआंदोलन का 10वां चरण आयोजित किया. शिक्षकों ने समायोजन, सेवा सुरक्षा और पेंशन की मांग उठाई.

अररिया : वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने और वित्त रहित शिक्षकों को नियमित वेतनमान सहित अन्य सुविधाएं देने की मांग को लेकर मंगलवार को बिहार कांग्रेस सेवादल के बैनर तले अररिया में राज्यव्यापी महाआंदोलन के 10वें चरण का आयोजन किया गया. आंदोलन में अररिया समेत सीमांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में वित्त रहित शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, प्राचार्य, कांग्रेस कार्यकर्ता और शिक्षा प्रेमी शामिल हुए.

धरना-प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने वित्त रहित शिक्षण संस्थानों के समायोजन, सम्मानजनक नियमित वेतनमान, सेवा सुरक्षा, पेंशन, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और सामाजिक सुरक्षा की मांग उठाई. कार्यक्रम का नेतृत्व बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष डॉ. संजय यादव ने किया. उन्होंने कहा कि वर्षों से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों के साथ अब और अन्याय नहीं होना चाहिए. उनकी मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं.

शिक्षकों के अधिकार की लड़ाई तेज करने का दावा

बिहार प्रभारी मो. अफरोज खान ने कहा कि यह केवल शिक्षकों का नहीं, बल्कि बिहार की उच्च शिक्षा और लाखों विद्यार्थियों के भविष्य का मुद्दा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वित्त रहित शिक्षकों की आवाज को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा.

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पार्षद एवं कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आबिद हुसैन अंसारी ने की. उन्होंने कहा कि अरवल से शुरू हुआ यह आंदोलन अब पूरे बिहार में शिक्षक सम्मान के अभियान का रूप ले चुका है. सीमांचल संघ के अध्यक्ष मौलाना गुलाम रब्बानी ने सरकार से वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त कर शिक्षकों को नियमित वेतनमान और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की.

समाहरणालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारी पदयात्रा करते हुए जिला समाहरणालय पहुंचे. वहां जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को नियमित वेतन, पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई.

इस अवसर पर महिला कांग्रेस सेवादल की अध्यक्ष रुचि सिंह, जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष पवन कुमार, पटना जोन अध्यक्ष अहमद राजा खान, फारबिसगंज प्रखंड अध्यक्ष शाकिब रेजा, मो. मोजाहिद, आचार्य शिव शंकर पाठक, संजय झा, प्रो. भावेश कुमार मिश्रा, प्रो. अजय कुमार झा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.

और पढ़ें : इलाज कराने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, बेटा घायल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >