लचहा नदी में डूबे दूसरे बच्चे का शव दूसरे दिन बरामद, दो मासूमों की मौत से पसरा मातम

अररिया के भरगामा की लचहा नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से दूसरे बच्चे का शव गोताखोरों ने बरामद कर लिया है. इस दुखद घटना में दो मासूमों की जान चली गई, जिससे परिवारों में मातम पसर गया है. स्थानीय नेता पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और राहत की मांग की.

अररिया, भरगामा. भरगामा प्रखंड क्षेत्र के रघुनाथपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या-5 से होकर गुजरने वाली लचहा नदी में शनिवार को नहाने के दौरान डूबे दूसरे बच्चे का शव रविवार को दूसरे दिन बरामद कर लिया गया. गोताखोरों की मदद से करीब 10 बजे बादल कुमार का शव नदी से बाहर निकाला गया. शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है.

पांच बच्चे नहाने पहुंचे थे लचहा नदी

जानकारी के अनुसार शनिवार को सिरसिया-हनुमानगंज पंचायत के वार्ड संख्या-8 से पांच बच्चे घर से करीब चार किलोमीटर दूर रघुनाथपुर गांव स्थित लचहा नदी में नहाने पहुंचे थे. नहाने के दौरान बच्चों को नदी में पानी की गहराई का अंदाजा नहीं रहा और सभी बच्चे गहरे पानी में जाने लगे.

तीन बच्चों को सुरक्षित निकाला, दो की डूबने से मौत

बच्चों को डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की और तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए. स्थानीय लोगों की मदद से शनिवार को ही सिरसिया-हनुमानगंज पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी ललित साह के पांच वर्षीय पुत्र चिक्की कुमार का शव नदी से बरामद कर लिया गया था.

दूसरे दिन गोताखोरों ने बरामद किया बादल का शव

हादसे के बाद बादल कुमार का कोई पता नहीं चल सका था. स्थानीय स्तर पर काफी तलाश के बावजूद उसका सुराग नहीं मिला. रविवार को गोताखोरों की मदद से नदी में दोबारा खोज अभियान चलाया गया. करीब 10 बजे बादल कुमार का शव भी बरामद कर लिया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

दो मासूमों की मौत से परिवार में मातम

एक ही हादसे में दो बच्चों की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है. हादसे ने परिवार के साथ स्थानीय लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है.

पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे जनप्रतिनिधि और नेता

घटना के बाद रविवार को दिनभर पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. स्थानीय मुखिया ऐश्वर्या राज, मिथिलेश राय, मणिलाल भगत, भाजपा नेता सुमन सिंह, युवा नेता बबलू रजक और व्यापार मंडल अध्यक्ष मिथिलेश भारती समेत अन्य लोगों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की.

आपदा मद से तत्काल राहत देने की मांग

जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी. उन्होंने जिला प्रशासन से दोनों मृतक बच्चों के परिजनों को आपदा मद से तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवारों को नियमानुसार हरसंभव सहायता देने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राष्ट्रभूषण पिंटू

राष्ट्रभूषण पिंटू प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. भरगामा (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >