अररिया में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय छात्र की मौत, दोस्त की हालत गंभीर

Araria Road Accident : अररिया में घर लौटे छात्र की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

Araria Road Accident : अरारिया के नरपतगंज से संजीव कुमार यादव की रिपोर्ट. अरारिया जिले के नरपतगंज-फारबिसगंज एनएच पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 25 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना नरपतगंज पुराना बाजार के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

हादसे के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

मृतक की पहचान सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गढ़िया निवासी 25 वर्षीय श्याम सुंदर कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह पटना में रहकर पढ़ाई करता था और दो दिन पहले ही घर लौटा था. रविवार को वह अपने दोस्त राजेश कुमार के साथ बाइक से अरारिया जा रहा था. इसी दौरान नरपतगंज पुराना बाजार के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी.

गंभीर हालत में नेपाल के अस्पताल ले जाया गया

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतगंज पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया. इसके बाद उन्हें नेपाल के न्यूरो अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार देर शाम श्याम सुंदर कुमार की मौत हो गई. वहीं राजेश कुमार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.

पढ़ाई के लिए पटना में रहता था छात्र

परिजनों के अनुसार श्याम सुंदर कुमार पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था. घर लौटने के कुछ ही दिन बाद यह हादसा हो गया. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. गांव में भी मातम पसरा हुआ है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद परिजन शव को लेकर नरपतगंज थाना पहुंचे. पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अरारिया भेज दिया. थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि नरपतगंज-फारबिसगंज एनएच पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क पर निगरानी और सख्ती बढ़ाने की मांग की है.

Also Read: हर 3 महीने पर उद्योगपतियों के साथ होगी बैठक, बिहार में निवेश बढ़ाने को लेकर सम्राट चौधरी ने बताया पूरा प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >