अररिया में मुर्गी फार्म में फंदे से लटका मिला युवक का शव, पत्नी की चीख-पुकार से गमगीन हुआ गांव

Araria News : अररिया के रानीगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गयी, जब एक युवक का शव उसके ही मुर्गी फार्म में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Araria News : परवाहा (अररिया) से रवीन्द्र कुमार यादव की रिपोर्ट. अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र स्थित परिहारी पंचायत के वार्ड संख्या दो में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मुर्गी फार्म में फंदे से लटका मिला. मृतक की पहचान 28 वर्षीय सुजीत कुमार पासवान के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गयी और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

देर रात मुर्गी फार्म में मिला शव

परिजनों के अनुसार रविवार शाम सुजीत कुमार पासवान हाट गया हुआ था. घर लौटने के बाद वह अपने मुर्गी फार्म की ओर चला गया. देर रात जब खाना खाने के लिए उसकी पत्नी ने फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ.

इसके बाद परिवार के दूसरे सदस्य जब मुर्गी फार्म पहुंचे तो अंदर मोबाइल की घंटी बज रही थी. जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सुजीत का शव फंदे से लटका हुआ था. बताया जा रहा है कि मुर्गी फार्म बाहर से बंद था.

पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद मृतक की पत्नी काजल देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में हर तरफ मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों के मुताबिक काजल देवी बार-बार बेसुध होकर यही कह रही थी कि आखिर उसके पति ने किसी का क्या बिगाड़ा था.

परिजनों ने बताया कि सुजीत और काजल ने वर्ष 2017 में प्रेम विवाह किया था. दोनों की एक चार साल की बेटी भी है. घटना के बाद बच्ची समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थानाध्यक्ष Dharmendra Kumar पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया.

एफएसएल टीम ने मौके से कई जरूरी सैंपल एकत्र किए हैं. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

पुलिस का कहना है कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है.

Also Read: शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव: बक्सर के सरकारी स्कूलों पर डिजिटल शिकंजा, बेस्ट ऐप से शुरू होगा मॉनिटरिंग सिस्टम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >