अररिया से पंकज कुमार की रिपोर्ट:
Araria News: बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री सह अररिया जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने अररिया नगर परिषद क्षेत्र में पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. इस दौरान उन्होंने जनसंघ काल से पार्टी से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की.
प्रभारी मंत्री सबसे पहले नगर परिषद के भगत टोला स्थित वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता किशुन भगत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनसे मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना. इसके बाद मंत्री भाजपा के पुराने नेता प्रदीप पासवान के घर भी पहुंचे और उनसे संगठन की वर्तमान स्थिति तथा विभिन्न विषयों पर चर्चा की.
मंत्री के दोनों नेताओं के आवास पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया.
पार्टी को मजबूत बनाने में योगदान को किया याद
मौके पर डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि किशुन भगत और प्रदीप पासवान जनसंघ काल से पार्टी से जुड़े रहे हैं. पार्टी को सींचने और उसे मजबूत आधार देने में इन दोनों नेताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
उन्होंने कहा कि अररिया का प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद उन्होंने जिले के पुराने कार्यकर्ताओं के बारे में जानकारी ली. उसी क्रम में वे अपने पुराने साथियों का हालचाल जानने और उनसे मिलने उनके घर पहुंचे हैं.
मंत्री ने कहा कि संगठन की मजबूती में पुराने कार्यकर्ताओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता.
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, नगर अध्यक्ष संजय कुमार अकेला, प्रदीप पासवान, श्रवण भगत, संजय मल्लिक, विनोद श्रीवास्तव, सोनू भगत सहित कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.
