Araria News: अररिया जिले के जोगबनी रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हलचल मच गई. स्टेशन परिसर में शव दिखाई देने के बाद कुछ ही देर में आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वह लंबे समय से बीमार प्रतीत हो रहा था और उसका रहन-सहन भिखारी जैसा लग रहा था.
बीमारी के कारण मौत की आशंका
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार मृतक के हाथ और पैर फूले हुए थे, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत किसी गंभीर बीमारी के कारण हुई हो सकती है.
हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
सूचना मिलते ही पहुंची रेल थाना पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही रेल थाना जोगबनी के थानाध्यक्ष जीत नारायण हेम्ब्रम और एएसआई कुमार मनीन्द्र नाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. स्टेशन परिसर में कुछ समय तक पुलिस की मौजूदगी बनी रही और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई गई.
Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ
Araria News: पहचान कराने का प्रयास जारी
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है. आसपास के क्षेत्रों और संबंधित थानों को भी सूचना दी जा रही है ताकि शव की शिनाख्त हो सके.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पहचान होने के बाद परिजनों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है.
