भरगामा में महिला पर जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

भरगामा में जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जहां महिला पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है.

भरगामा थाना क्षेत्र के खुटहा बैजनाथपुर वार्ड संख्या-01 में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी संतोष कुमार पंडित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गयी है.

जमीन विवाद में महिला पर हमला करने का आरोप

पीड़िता शकुनी देवी, पति डोमी पंडित, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 15 जुलाई 2026 की सुबह करीब सात बजे पूर्व से चल रहे जमीन विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष ने उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि संतोष कुमार पंडित ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और गंभीर चोटें आयी.

पुत्र के साथ भी मारपीट, बहू से दुर्व्यवहार का आरोप

आवेदन के अनुसार बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र नीरज कुमार के साथ भी लोहे की रॉड से मारपीट की गई. वहीं बहू पूजा कुमारी के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया तथा उनके गले से सोने की चेन और कान की बाली छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है.

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि एसआई रौशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी संतोष कुमार पंडित को गिरफ्तार कर लिया. उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

चार लोगों को बनाया गया नामजद अभियुक्त

पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने संतोष कुमार पंडित, निर्मला देवी, आरती कुमारी और खुशबू देवी को नामजद अभियुक्त बनाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राष्ट्रभूषण पिंटू प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. भरगामा (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >