हत्या या आत्महत्या खुलासा नहीं
मृतक जवान का रायफल व मोबाइल पुलिस ने किया जब्त
सोनामणि गोदाम थाना में था तैनात
मृतक महलगांव थाना क्षेत्र के आमगाछी पेचेली का रहनेवाला
अररिया : जिले के सोनामणि गोदाम थाना में तैनात एक होमगार्ड जवान की रविवार को गोली लगने से मौत हो गयी, गोली कैसे लगी, इसका खुलासा नहीं हो पाया है़ हालांकि पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार रायफल का मैगजीन साफ करने के दौरान गोली चलने से मौत होने की बात कही जा रही है.
मृतक जवान राजेंद्र कुमार विश्वास (50) महलगांव थाना क्षेत्र के आमगाछी पेचेली का रहनेवाला था़ शनिवार को थाना क्षेत्र के बटराहा गांव में सर्पदंश से हुई मौत के मामले की जांच में थानाध्यक्ष व अन्य जवानों के साथ राजेंद्र कुमार विश्वास भी गये थे. वहां से लौटने के बाद स्कूल भवन में बने अस्थायी आवास में पहुंचा.
यहां उसके अन्य साथी स्नान करने चले गये. कमरे में राजेंद्र विश्वास अकेले था़ जब गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो सभी साथी दौड़ते हुए कमरा में आये तो देखा कि राजेंद्र लहूलूहान है़ रायफल गिरा पड़ा है़ गोली लगने से उसकी मौत हो चुकी थी़ ओपी अध्यक्ष सीके टुडू ने शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल आये, जहां एसडीओ संजय कुमार, एएसपी मो कासिम, कार्यपालक दंडाधिकारी निरंजन शर्मा, नगर थानाध्यक्ष रमेश कांत चौधरी पहुंचे.
एएसपी ने मृतक जवान के अन्य साथियों व ओपी अध्यक्ष से घटना क्रम की जानकारी ली़ घटना कैसे घटी, इस पर बोलने से एएसपी, एसडीओ ने परहेज किया़ हालांकि ओपी अध्यक्ष ने इतना भर कहा कि मैगजीन साफ करने के दौरान गोली चलने का कारण मान कर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है़ जिस रायफल से गोली चली, उसे कब्जे में ले लिया गया है़ मृतक का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है. अनुसंधान में सच सामने आ जायेगा़
