अररिया : कार्तिक महीने के पूर्णिमा के दिन मंगलवार को देव दीपावली का त्योहार जिले में धूम-धाम से मनाया गया. दीपावली के 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा की इस विशेष तिथि को पवित्र जलस्त्रोतों में स्नान कर दीपदान की परंपरा को महत्वपूर्ण माना जाता है.
मान्यता के मुताबिक इस दिन सभी देवी-देवता पृथ्वी पर एक साथ विराजमान होते हैं. इसलिये कार्तिक पूर्णिमा के दिन पितरों के निमित्त दान-पुण्य करने से पूर्वजों की आत्मा को मुक्ति मिलती है. देव दीपावली के दिन घी या तिल के तेल में दीया जलाने का विधान है. इसे लेकर शहर के सभी मंदिरों में दीये जलाये गये.
इस तरह का खास आयोजन शहर के ठाकुरबाड़ी मंदिर में देखने को मिला. जहां शाम ढ़लने के बाद सैंकड़ों श्रद्धालु पहुंच कर दीप जलाकर भगवान की आराधना करते देखे गये. मंदिर के साधक कृष्णकांत तिवारी ने बताया कि हर साल देव दीपावली के दिन मंदिर परिसर में इस तरह का खास आयोजन किया जाता है.
धीरे-धीरे इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है. साल दर साल मंदिर में दीया जलाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है. मंदिर परिसर में श्रद्धालु द्वारा सैकड़ों की संख्या में दीया जलाने से मंदिर परिसर पूरी तरह जगमगा उठा. इस मनोरम दृश्य को देखने के बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे.
आयोजन को सफल बनाने में बलराम भगत, विष्णु कुमार, ललित कुमार, प्रदीप तिवारी, विमल अग्रवाल, टिंकू गुप्ता, गोपाल जी, सोनू मंडल, रामलखन राम, रामजी भगत, गौतम मुखर्जी, विक्की जायसवाल, रिंकू जायसवाल, कृष्ण कुमार चंचल विशाल कुमार सहित अन्य सक्रिय दिखे.
