अररिया : पलासी थाना क्षेत्र के कलियागंज चौरी मुख्य सड़क पर बनगावां के समीप शुक्रवार की संध्या बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर बंधन बैंक कर्मी से 94 हजार रुपये लूट लिये थे. बाद में इसकी जानकारी पीड़ित बंधन बैंक कर्मी कुमार किस्कों ने पलासी थाना को दी.
इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पलासी थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, पुअनि संजय राम ने मामले का सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया. लूटकांड में शामिल कलियागंज के ही इजहार खलीफा व नीरज कुमार साह को गिरफ्तार करते हुए लूट में प्रयुक्त बाइक व लूट की राशि में से सात हजार रुपये नगद भी बरामद कर लिये.
यह जानकारी एसपी धूरत सायली ने मंगलवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को दी. उन्होंने बताया कि लूट की रचनाकार बंधन बैंक द्वारा संचालित ग्रुप की एक महिला ही थी. उसने ही अपराधियों को सारी जानकारी उपलब्ध करायी. हालांकि उन्होंने उक्त महिला के नाम का खुलासा नहीं किया है.
लेकिन उसकी सिनाख्त कर लेने की बात कही है. बताया कि पुलिस को यह सफलता गुप्तचरों के निशानदेही पर मिली है. हालांकि लूट में प्रयुक्त मोबाइल व उसके कॉल डिटेल्स को भी एकत्रित करते हुए मामले की सत्यता की भी पड़ताल पुलिस के द्वारा किये जाने की बात एसपी ने कही.
कलेक्शन एजेंट भीड़-भाड़ वाले रास्ते का ही करें चयन
एसपी ने अखबार के माध्यम से बंधन बैंक कर्मियों को सलाह देते हुए कहा कि जिस प्रकार से बंधन बैंक कर्मियों को अपराधी टारगेट कर रहे हैं. ऐसे में उन्हें सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है. कहा कि अगर वे 50 हजार या इससे अधिक का कलेक्शन करते हैं तो इसकी सूचना पुलिस को दे.
उन्हें नि:शुल्क स्कॉट उपलब्ध कराया जायेगा. साथ ही इस बात का भी वे ध्यान रखें कि रुपये के कलेक्शन के बाद शॉर्ट कार्ट रास्ता नहीं अपनायें. वे भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र से ही गुजरें. सुनसान या शार्ट कार्ट रास्ते के इस्तेमाल करने पर अपराधी उन्हें टारगेट कर लूट की घटना को अंजाम दे रहे हैं.
