पटना : अभय सिंह के अपहरण व हत्या के मामले में मुख्य गवाह के रूप में गवाही देने पटना सिविल कोर्ट पहुंचे अभय के बेटे राजू सिंह को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसे पीरबहोर थाने में रखा गया है. शुक्रवार को उसकी गवाही दिलायी जायेगी और फिर पुलिस बाढ़ के एक हत्या के मामले में वांछित चल रहे राजू को जेल भेज देगी.दरअसल, वर्ष 2013 में बाढ़ थाना क्षेत्र के लदवा गांव के रहने वाले अभय सिंह का बेऊर इलाके से अपहरण हो गया था. इस मामले में अभय की पत्नी ने मोकामा के विधायक अनंत सिंह पर अपहरण कर हत्या कराने का मामला दर्ज कराया था. इस मामले में अभय की पत्नी और बेटा राजू मुख्य गवाह हैं. पत्नी की कोर्ट में गवाही हो चुकी है. गुरुवार को बेटा राजू भी पिता के अपहरण व हत्याकांड में गवाही देने आया था.
इस दौरान वह पटना सिविल कोर्ट पहुंचा था. इसकी जानकारी होते ही पटना पुलिस ने राजू को कोर्ट के बाहर से ही गिरफ्तार कर लिया है. उसे पीरबहाेर थाने में रखा गयाहै.इस मामले में सरकार का पक्ष रख रहे लोक अभियोजक गजेंद्र सिंह ने कहा कि शुक्रवार को कोर्ट ने पुन: गवाही के लिए तिथि निर्धारित की है. इसके अलावा दो पुलिस कर्मियों की गवाही भी अब तक नहीं हुई है. इन पुलिसकर्मियों की भी गवाही होगी. जल्द ही सबों की पटना कोर्ट में गवाही करा ली जायेगी. इसकी सारी प्रक्रिया चल रही है.
