पटना : शराबबंदी के बाद गांजा की तस्करी तेज हो गयी है. सनसनीखेज खुलासा यह है कि अब इस तस्करी में पुलिस महकमे से जुड़े लोगों की भी संलिप्तता सामने आ रही है. बेऊर के दशरथा मोड़ से पकड़े गये चार गांजा तस्करों ने खुलासा किया है कि गांजा तस्करी से जो कमाते थे उसका पैसा वह हवाई अड्डा और जक्कनपुर थाने के गाड़ी चालकों को देते थे. तस्करों ने तीन चालकों का नाम लिया है, इस पर पुलिस हवाई अड्डा थाने के निजी चालक लल्लन को गिरफ्तार किया है. वहीं, दो अन्य चालकों मुकेश और संदीप की तलाश की जा रही है. इस संबंध में एसएसपी ने दोनों थानेदारों को कड़ी चिट्ठी लिखी है और तीन दिनों के अंदर स्प्ष्टीकरण मांगा है.
चौथे तस्कर को बिहटा में उसके घर से दबोचा गया : पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ गांजा तस्कर दशरथा मोड़ होकर गुजरने वाले हैं. इस पर रविवार की शाम बेऊर पुलिस ने घेराबंदी कर दशरथा मोड़ से तीन लोगों को गिरफ्तार किया. इसमें अरविंद कुमार निवासी राघोपुर, अजित प्रसाद बढ़ेना औरंगाबाद और मुकेश कुमार, हेमंत कुमार राघोपुर शामिल थे. इनके कब्जे से एक बाइक, और भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है. पूछताछ में तीनाें ने बताया कि वह पटना, जहानाबाद अौर आरा में गांजा की सप्लाई करते हैं.
उसने बताया कि वह बिहटा के आनंदपुर के रहनेवाले बीरबल प्रसाद के घर से गांजा उठाता था. इस पर पुलिस उसके घर छापेमारी की. पुलिस ने बीरबल के घर से भी गांजा व नकदी बरामद की और उसे गिरफ्तार किया. पुलिस ने कुल 30 किलो ग्राम गांजा, 2.40 लाख कैश, दो मोबाइल फोन, दो बाइक बरामद किये हैं.
