Bihar Flood: बिहार में बाढ़ से 7.72 लाख लोग प्रभावित, जानें किस जिले में कितने लोगों पर असर

Bihar Flood Update: बिहार में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का खतरा भीषण रूप ले चुका है. पटना, भोजपुर, भागलपुर और वैशाली समेत कई जिलों की लाखों आबादी प्रभावित है. स्थिति से निपटने के लिए NDRF की 27 और SDRF की 6 टीमें तैनात हैं. जगह-जगह सामुदायिक रसोई चलाई जा रही है.

Bihar Flood Update: बिहार में गंगा नदी के उफान के कारण कई जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है. राज्य भर में राहत और बचाव कार्यों के लिए NDRF की 27 और SDRF की 6 टीमों को तैनात किया गया है. प्रशासन प्रभावित इलाकों में लोगों तक भोजन और सुरक्षित ठिकाना पहुंचाने में जुटा हुआ है.

भागलपुर: बांध टूटने से 5 हजार की आबादी पानी में घिरी

भागलपुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से 23 अगस्त 2026 की रात काजीकौरैय राघोपुर मार्जिनल बांध लगभग 30 मीटर की लंबाई में टूट गया. इससे खरीक प्रखंड की राघोपुर पंचायत के 5 वार्डों में पानी भर गया, जिससे करीब 5000 लोग प्रभावित हुए हैं. जिला प्रशासन यहां 6 सामुदायिक रसोई चला रहा है, जिनके जरिए अब तक लगभग 70,600 भोजन की थालियां बांटी जा चुकी हैं.

भोजपुर: सबसे ज्यादा असर, 2.84 लाख लोग परेशान

गंगा के बढ़ते पानी से भोजपुर जिले के निचले इलाकों में स्थिति काफी खराब है. यहां 4 प्रखंडों की करीब 2.84 लाख आबादी बाढ़ की चपेट में आ चुकी है. लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन 13 सामुदायिक रसोई चला रहा है, जहां से अब तक 8300 से अधिक भोजन की थालियां उपलब्ध कराई गई हैं.

पटना: 9 प्रखंडों में फैला पानी, 2.32 लाख आबादी प्रभावित

राजधानी पटना के निचले हिस्सों में भी गंगा का पानी प्रवेश कर गया है. जिले के 09 प्रखंडों के लगभग 2.32 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. राहत के तौर पर 08 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही हैं, जहां से 5900 थाली भोजन कराया गया है. इसके अलावा आज से 7 नए स्थानों पर भी सामुदायिक रसोई शुरू की जा रही है.

वैशाली: 85 हजार लोग प्रभावित, शरणार्थी शिविर चालू

वैशाली जिले में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी से 3 प्रखंडों की लगभग 85000 आबादी बाढ़ से घिर गई है. यहां 1 सामुदायिक रसोई के माध्यम से अब तक 5100 भोजन की थालियां बांटी गई हैं. साथ ही 1 राहत शिविर भी चलाया जा रहा है, जिसमें 326 लोगों ने शरण ली है.

सारण: 20 हजार लोग बाढ़ की चपेट में

सारण जिले के 5 प्रखंडों में निचले इलाकों में पानी भरने से करीब 20,000 लोग प्रभावित हुए हैं. यहां जिला प्रशासन की ओर से 1 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही है, जिसके जरिए अब तक 500 लोगों को भोजन कराया गया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

इन जिलों में भी फैला बाढ़ का पानी

गंगा और अन्य नदियों के फैलाव के कारण राज्य के कई अन्य जिलों में भी बड़ी आबादी प्रभावित हुई है.

  1. मुंगेर में 38000 लोग प्रभावित हैं.
  2. कटिहार में 36000 लोग जलजमाव का सामना कर रहे हैं.
  3. अरवल में 32000 आबादी बाढ़ से प्रभावित है.
  4. बेगूसराय में 21700 लोग पानी से घिरे हैं.
  5. समस्तीपुर में 11800 लोग प्रभावित हुए हैं.
  6. बक्सर में 10000 आबादी पर असर पड़ा है.
  7. खगड़िया में 8500 लोग बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: पटना से UP जाना होगा आसान, बिहार के 6 जिलों को जोड़ेगा नया फोरलेन, 8660 करोड़ की लागत से बनेगा हाईवे

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >