पटना: बिहार दौरे पर शनिवार को आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्रीय खुफिया विभाग ने अलर्ट जारी है. रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी पर आतंकी हमला किया जा सकता है. जानकारी के मुताबिक हमलावर महिला, पत्रकार, मजदूर, बिजली मिस्त्री आदि के रूप में हो सकते है. प्रशासन की ओर से पीएम की सुरक्षा को लेकर नये सिरे से विचार किया जा रहा है. मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय बिहार दौरे के दौरान 25 जुलाई को मुजफ्फरपुर में भाजपा की परिवर्तन रैली को संबोधित करेंगे.
आइबी रिपोर्ट के जारी होने के साथ ही पीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नये सिरे से निर्देश जारी किये गये है. पीएम के मंच से 50 मीटर की दूरी से आगे अधिकृत शख्स को छोड़कर कोई भी नहीं जा सकता है. जिला प्रशासन ने अपने स्तर पर भी एक रिपोर्ट तैयार कराई है. प्रधानमंत्री के बिहार दौरे में कोई चूक नहीं हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन अपनी ओर से हर संभव तैयारी कर रहा है. इसकी मॉनिटरिंग डीजीपी समेत शीर्ष स्तर के अधिकारी कर रहे हैं. वहीं, एसपीजी को इस संबंध में विशेष निर्देश जारी किये गये है. पीएम मोदी को किसी भी तरीके का माला व गुलदस्ता भेंट किये जाने पर रोक लगायी गयी है. गौर हो कि इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान भी गांधी मैदान में नरेंद्र मोदी पर आतंकी हमले की कोशिश हुई थी.
