योगापट्टी के फतेहपुर चौक पर स्थित दुकान व घर से हुई बरामदगी
बेतिया : डाबर कंपनी की नकली आंवला तेल निर्माण व बिक्री करने का खुलासा करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में तेल के बोतल, रेपर व उपकरण बरामद करने में सफलता पायी है. यह कार्रवाई पुलिस ने जिले के योगापट्टी थाना के फतेहपुर चौक के समीप स्थित एक दुकान व घर पर छापेमारी के बाद की है.
इस संबंध में डाबर इंडिया कंपनी लिमिटेड के प्रमुख जांच पदाधिकारी रंजीत कुमार सिंह ने एक प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें उन्होंने योगापट्टी थाना के फतेहपुर चौक निवासी कृष्णावती देवी पति स्वर्गीय विश्वनाथ साह को अभियुक्त बनाया है. प्राथमिकी में बताया गया है कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि योगापट्टी के फतेहपुर चौक स्थित एक दुकान व घर में डाबर का फर्जी आंवला तेल निर्माण व बिक्री की जा रही है. इसके बाद योगापट्टी पुलिस के साथ उक्त दुकान व घर पर छापेमारी की.
जहां से 90 मिली की बोतल में भरी हुई डाबर का नकली व फर्जी तेल, 190 पीस प्लास्टिक बोतल, 4500 पीस डाबर कंपनी का फर्जी स्टीकर, 280 पीस डाबर लवण भास्कर चूर्ण का नकली स्टीकर, 240 नकली जसमीन तेल का स्टीकर तथा 260 पीस हेयर ऑयल तेल का स्टीकर बरामद करते हुए जब्त किया गया. इस संबंध में दुकानदार ने कोई वैद्य कागजात प्रस्तुत नहीं किया. पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अग्रेतर कार्रवाई में जुटगयी है.
