पटना : मलाही पकड़ी निवासी सब्जी विक्रेता विजय केवट का शव दो दिसंबर को टेहटा में मिला था और इस मामले में टेहटा थाने में यूडी केस दर्ज किया गया था. लेकिन विजय केवट की बेटी सुषमा कुमारी ने हत्या करने का आरोप गुलाब निषाद व उनके बेटों पर लगाया है. इस मामले की जानकारी उसने जोनल आईजी को दी और कार्रवाई करने की गुहार लगायी है.
उसने बताया कि उसके पिता की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या कर दी गयी और शव को पानी में फेंक दिया. इसके बाद वे लोग ही थाने में जा कर यूडी केस दर्ज करा दिया. सुषमा ने बताया कि उसके पिता विजय केवट एक दिसंबर को टेहटा में अपने फूफा से मिलने गये थे.
पिता जब टेहटा पहुंचे तो उसने बड़ी बहन ने बात किया तो उन्होंने बताया कि उनके साथ योगेंद्र, गुलाब निषाद व उनके बेटे है. इसके बाद जब रात में बड़ी बहन ने बात करने का प्रयास किया तो पिता से बात नहीं हो पायी. अगले दिन दो दिसंबर को जानकारी मिली कि उनके पिता की मौत हो गयी है.
उसके पिता मलाही पकड़ी चौक के पास चाय और फल की दुकान लगाते थे. गुलाब निषाद का बेटा बिट्टु कुमार पूर्व में ठेला लगाने को लेकर गाली-गलौज और मारपीट कर चुका है. जिसकी सूचना उन लोगों ने पत्रकार नगर थाना पुलिस को दी थी.
