Sikandar Raza on Vaibhav Suryavanshi: जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि महज कुछ अंतरराष्ट्रीय मैचों के प्रदर्शन के आधार पर 15 वर्षीय खिलाड़ी की आलोचना करना सही नहीं है. रजा का मानना है कि सही मार्गदर्शन से वैभव क्रिकेट की दुनिया में बड़ा नाम बन सकते हैं.
वैभव सूर्यवंशी का शुरुआती अंतरराष्ट्रीय सफर
भारत के लिए अपने शुरुआती अंतरराष्ट्रीय सफर में वैभव सूर्यवंशी को मुश्किलों का सामना करना पड़ा. इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने तीन पारियों में 14, 13 और 15 रन बनाए. इस दौरान इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट गेंदों ने उन्हें काफी परेशान किया. हालांकि, रजा का मानना है कि एक युवा खिलाड़ी के लिए शुरुआती उतार-चढ़ाव सामान्य बात है और उसे समय देने की जरूरत है.
रजा ने वैभव को लेकर क्या कहा
रजा ने कहा, “वैभव एक बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं. अगर 15 साल का खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहा है तो सिर्फ दो-तीन मैचों के बाद उसकी आलोचना करना उचित नहीं है. उनके आसपास कई अनुभवी खिलाड़ी हैं. अगर उन्हें सही तरीके से संभाला गया तो वह एक जेनरेशन टैलेंट बन सकते हैं.”
175 रन की ऐतिहासिक पारी से छाए थे वैभव
वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है. अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ हरारे में खेली गई उनकी 175 रन की तूफानी पारी आज भी उनकी प्रतिभा का सबसे बड़ा उदाहरण मानी जाती है. उन्होंने केवल 80 गेंदों में यह शानदार पारी खेलकर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का परिचय दिया था. अब वैभव एक बार फिर जिम्बाब्वे की धरती पर उतरने वाले हैं. भारत की टी20 टीम में संजू सैमसन की गैरमौजूदगी के कारण उन्हें शीर्ष क्रम में लगातार मौके मिलने की उम्मीद है. रजा का मानना है कि युवा बल्लेबाज के विकास के लिए उसे लगातार खेलने और सीखने का अवसर मिलना जरूरी है. उन्होंने कहा, “आज के समय में ऐसी कहानियां सुनने को कम मिलती हैं. वैभव खास खिलाड़ी हैं। उनके करियर के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण होगा कि उन्हें किस तरह मैनेज किया जाता है.”
जिम्बाब्वे को बताया मजबूत दावेदार
भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाली टी20 सीरीज को लेकर सिकंदर रजा ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने भारत को प्रबल दावेदार मानने से इनकार करते हुए कहा कि दोनों टीमों के पास जीत का बराबर मौका होगा. रजा ने अपनी टीम की हालिया उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी टीमों को हराकर साबित किया है कि वह किसी भी बड़ी टीम को चुनौती दे सकती है. उन्होंने कहा, “इस सीरीज में दोनों देशों के पास बराबर मौका होगा. मुकाबला बेहद रोमांचक और मनोरंजक रहने की उम्मीद है.”
इसे भी पढ़े- इंग्लैंड टेस्ट कोच पद की रेस में जस्टिन लैंगर सबसे आगे, जल्द हो सकता है ऐलान
