पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और 'एशियन ब्रैडमैन' के नाम से मशहूर जहीर अब्बास ने भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा का समर्थन किया है. उनका मानना है कि दोनों अनुभवी खिलाड़ी अभी भी 2027 वनडे विश्व कप में भारत के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं. जहीर ने कहा कि चयन का आधार उम्र नहीं, बल्कि फिटनेस और प्रदर्शन होना चाहिए.
'दोनों को बाहर रखने की कोई वजह नहीं'
एक पाकिस्तानी टीवी चैनल से बातचीत में जहीर अब्बास ने कहा कि विराट और रोहित आज भी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शामिल हैं.
दोनों के कौशल का कोई मुकाबला नहीं है. उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें विश्व कप टीम से बाहर रखने का कोई कारण नहीं होगा. अगर वे फिट हैं और लगातार रन बना रहे हैं, तो उम्र को मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए.
2027 विश्व कप में भारत को मिलेगा अनुभव का फायदा
जहीर अब्बास का मानना है कि 2027 वनडे विश्व कप में विराट और रोहित जैसा अनुभव भारत के लिए काफी उपयोगी साबित होगा. दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में बड़े मैचों का दबाव झेलने का उनका अनुभव टीम के काम आ सकता है.
रोहित शर्मा की बल्लेबाजी के हुए मुरीद
जहीर अब्बास ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ रोहित शर्मा की शतकीय पारी की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, "मैंने इंग्लैंड में रोहित का शतक देखा. उसकी बल्लेबाजी देखने में बेहद आनंद आता है. वह शानदार टाइमिंग और सहज अंदाज में रन बनाता है, जो उसे खास बनाता है."
बाबर आजम पर भी जताया भरोसा
जहीर अब्बास ने पाकिस्तान क्रिकेट को लेकर भी उम्मीद जताई. उन्होंने कहा कि बाबर आजम के टेस्ट कप्तान बनने से टीम को नई दिशा मिलेगी. उनके मुताबिक, बाबर विश्व स्तरीय बल्लेबाज हैं और जब वह लय में लौटेंगे तो इसका सकारात्मक असर पूरी पाकिस्तान टीम के प्रदर्शन पर भी देखने को मिलेगा.
ये भी पढ़ें: कौन हैं शुभदीप घोष? टी दिलीप की जगह बन सकते हैं टीम इंडिया के नए फील्डिंग कोच
