ICC World Cup 2027: 12 वेन्यू का ऐलान, दक्षिण अफ्रीका-जिम्बाब्वे-नामीबिया में होंगे मुकाबले

ODI World Cup 2027 host cities: ICC पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के मेजबान शहर और स्टेडियम घोषित! 24 साल बाद अफ्रीका में वापसी, जानें कौन से 12 विश्वस्तरीय मैदान होंगे तैयार.

ODI World Cup 2027 host cities: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अगले वर्ष होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के लिए मेजबान शहरों और स्टेडियमों की आधिकारिक घोषणा कर दी है. जोहान्सबर्ग में आयोजित एक भव्य समारोह में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के 12 विश्वस्तरीय क्रिकेट मैदानों का अनावरण किया गया. करीब 24 वर्षों बाद क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी फिर से अफ्रीका लौट रही है. इससे पहले वर्ष 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने संयुक्त रूप से आठवें पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी. इस बार दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और पहली बार नामीबिया मिलकर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन करेंगे.

इन 12 स्टेडियमों में होंगे वर्ल्ड कप के मुकाबले

दक्षिण अफ्रीका

  • वांडरर्स स्टेडियम, जोहान्सबर्ग
  • सेंचुरियन, त्श्वाने
  • न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड, केपटाउन
  • किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड, डरबन
  • सेंट जॉर्ज पार्क, गकेबरहा
  • मंगाउंग ओवल, ब्लोमफोंटेन
  • बोलैंड पार्क, पार्ल
  • बफेलो पार्क, कंपो सिटी (पूर्व में ईस्ट लंदन)

जिम्बाब्वे

  • हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे
  • क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो
  • फाले मोसी-ओआ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, विक्टोरिया फॉल्स

नामीबिया

  • नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड, विंडहोक

'Three Nations, One Heartbeat' होगी वर्ल्ड कप की थीम

वर्ल्ड कप 2027 की ब्रांडिंग 'Three Nations, One Heartbeat' थीम पर आधारित है. इसका उद्देश्य तीनों मेजबान देशों की विविध संस्कृति, समुदाय और एकता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है. इस आयोजन में अफ्रीका के प्रसिद्ध दर्शन उबुन्टू (Ubuntu) को भी प्रमुखता दी जाएगी. इसका अर्थ है- "मैं हूं क्योंकि हम हैं". यह दर्शन मानवता, करुणा, सहयोग और आपसी जुड़ाव का संदेश देता है. आईसीसी का 'Make the Circle Bigger' अभियान भी इसी भावना को आगे बढ़ाएगा, जिसके माध्यम से दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जाएगी.

ICC चेयरमैन जय शाह ने क्या कहा

आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा कि मेजबान शहरों और टूर्नामेंट ब्रांड की घोषणा वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है. उन्होंने कहा कि

24 वर्षों बाद विश्व कप का अफ्रीका लौटना क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण है. उन्हें पूरा विश्वास है कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया अपनी मेहमाननवाजी, विविध संस्कृति और खेल के प्रति जुनून के दम पर दुनिया को एक अविस्मरणीय टूर्नामेंट देंगे.

ICC CEO संजोग गुप्ता का बयान

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप सीमित ओवरों के क्रिकेट का सबसे प्रतिष्ठित आयोजन है. उन्होंने कहा कि

यह टूर्नामेंट केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अफ्रीका की संस्कृति, पर्यटन, लोगों की मेहमाननवाजी और खेल प्रेम को भी वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगा. उन्होंने कहा कि नई ब्रांडिंग टूर्नामेंट की ऊर्जा, महत्वाकांक्षा और उत्साह को दर्शाती है तथा यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों को भी क्रिकेट से जोड़ने का काम करेगा.

दिग्गज खिलाड़ियों की रही मौजूदगी

इस विशेष समारोह में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व और वर्तमान क्रिकेट सितारे ग्रीम स्मिथ, मखाया एनटिनी, हाशिम अमला, टेम्बा बावुमा और कगिसो रबाडा शामिल हुए. वहीं जिम्बाब्वे की ओर से हैमिल्टन मसाकाद्जा और नामीबिया की ओर से रुडोल्फ जानसेन वान वुरेन भी समारोह का हिस्सा बने.

अफ्रीकी संस्कृति से प्रेरित है विश्व कप की नई पहचान

विश्व कप 2027 की विजुअल ब्रांडिंग अफ्रीकी पारंपरिक वायर बाउल (Wire Bowl) की ज्यामितीय आकृति से प्रेरित है. इसमें जिम्बाब्वे चिली, अफ्रीकन रूट, फिनबोस पॉप, नामिब ड्यून, हरारे डॉन और टू ओशियन्स जैसे रंगों का उपयोग किया गया है, जो तीनों देशों की सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक सुंदरता को दर्शाते हैं.

नामीबिया पहली बार करेगा किसी सीनियर ICC टूर्नामेंट की मेजबानी

दक्षिण अफ्रीका 2003 वर्ल्ड कप के अलावा 2007 पुरुष टी20 वर्ल्ड कप, 2023 महिला टी20 वर्ल्ड कप, 2020 और 2024 अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप तथा 2023 अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप जैसे कई बड़े आईसीसी टूर्नामेंटों की सफल मेजबानी कर चुका है. जिम्बाब्वे ने भी 2003 विश्व कप की सह-मेजबानी की थी, जबकि नामीबिया पहली बार किसी सीनियर ICC टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा. इससे पहले जिम्बाब्वे और नामीबिया ने अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी.

57 मैच और नया तीन चरणों वाला टूर्नामेंट फॉर्मेट

आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे. इस बार टूर्नामेंट नए तीन चरणों (Three-Stage Format) में आयोजित होगा, जिससे हर मुकाबले का महत्व और प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी.

पहला चरण: सुपर सीरीज

  • रैंकिंग में 12वें से 14वें स्थान की तीन टीमें राउंड-रॉबिन खेलेंगी.
  • विजेता टीम मुख्य चरण में प्रवेश करेगी.

दूसरा चरण: ग्रुप स्टेज

  • कुल 12 टीमों को दो समूहों में बांटा जाएगा.
  • प्रत्येक समूह में छह टीमें होंगी.
  • सभी टीमें अपने-अपने समूह में राउंड-रॉबिन मुकाबले खेलेंगी.
  • इस चरण में कुल 30 मैच होंगे.

तीसरा चरण: सुपर-7

  • दोनों समूहों की शीर्ष तीन-तीन टीमें तथा दोनों समूहों में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम सुपर-7 में पहुंचेगी.
  • यहां कुल 21 मुकाबले खेले जाएंगे.
  • सुपर-7 की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी.
  • अंक तालिका में पहले स्थान पर रहने वाली टीम चौथे स्थान की टीम से, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी.

इसे भी पढ़े- लिटन दास बने नए ODI कप्तान, 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए लिया गया फैसला


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >