U-18 Asia Cup: जापान के काकामिगाहारा में खेले जा रहे पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरिया को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की. भारत की ओर से कप्तान केतन कुशवाहा ने दो गोल दागे, जबकि वरिंदर सिंह और शाहरुख अली ने एक-एक गोल किया.
शुरुआत में ही भारत ने हासिल की बढ़त
भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और तीसरे ही मिनट में बढ़त हासिल कर ली. भारत को मिले पहले पेनल्टी कॉर्नर पर राहुल यादव के पास को कप्तान केतन कुशवाहा ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके महज दो मिनट बाद गाजी खान के शानदार पास पर वरिंदर सिंह ने गोल दागकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी.
21वें मिनट पर कोरिया ने किया पहला गोल
पहले क्वार्टर में दो गोल खाने के बाद कोरिया ने खेल की रफ्तार को धीमा करने की कोशिश की. दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन 21वें मिनट में कोरिया को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान यून जाएह्योक ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया.
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने बनाया दबदबा
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने फिर दबदबा बनाया. 36वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर कोरियाई डिफेंस शुरुआती प्रयास को रोकने में तो सफल रहा, लेकिन गेंद को क्लियर नहीं कर सका. इसका फायदा उठाते हुए केतन कुशवाहा ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दाग दिया.
चौथे क्वार्टर में कोरिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय गोलकीपर आयुष रजक ने शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीम को गोल करने से रोक दिया. इसके तुरंत बाद 54वें मिनट में शाहरुख अली ने जोरदार शॉट लगाकर भारत का चौथा गोल किया और टीम की जीत पर मुहर लगा दी.
3 जून को भारत का अगला मुकाबला
इस जीत के साथ भारत, कोरिया और जापान के बराबर छह अंक हो गए हैं. दोनों पूलों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी. भारतीय टीम अब अपने अंतिम पूल मुकाबले में 3 जून को भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे चाइनीज ताइपे का सामना करेगी.
यह भी पढ़ें: फुटबॉल फैंस का इंतजार खत्म, भारत में अब इस प्लेटफॉर्म पर मिलेगा फीफा वर्ल्ड कप का रोमांच
