Suryakumar Yadav training video: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने टीम से बाहर किए जाने के बाद अपनी वापसी को लेकर बड़ा संकेत दिया है. टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की हालिया योजनाओं से बाहर रहने के बाद सूर्यकुमार ने सोशल मीडिया पर अपना ट्रेनिंग वीडियो साझा किया, जिसमें वह नेट्स पर बल्लेबाजी अभ्यास करते नजर आए. उनके साथ लिखे संदेश ने साफ कर दिया कि भारतीय टीम में लौटना अभी भी उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है.
सूर्यकुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में क्या लिखा
सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,
“यह वही सपना है जिसका पीछा मैं बचपन से करता आ रहा हूं, और आज भी उसी तरह कर रहा हूं.”
टीम से बाहर होने के बाद SKY का पहला मैसेज
सूर्यकुमार यादव को भारतीय टी20 टीम के हालिया चयन में जगह नहीं मिली है. इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई टीम से बाहर किए जाने के साथ ही टी20 कप्तानी की जिम्मेदारी भी उनसे ले ली गई. चयनकर्ताओं ने उनकी जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी. हालांकि, सूर्यकुमार की कप्तानी पर कोई सवाल नहीं उठे थे. भारत ने उनकी अगुवाई में 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. टीम को चैंपियन बनाने के बावजूद चयनकर्ताओं ने बल्लेबाजी फॉर्म को देखते हुए टीम में बदलाव का फैसला किया.
आईपीएल 2026 में नहीं चला था बल्ला
सूर्यकुमार यादव का आईपीएल 2026 सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 13 मुकाबलों में 270 रन बनाए. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 20.76 रहा और वह सिर्फ दो अर्धशतक ही लगा सके. टी20 वर्ल्ड कप में भी उन्होंने शुरुआत तो शानदार की थी, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उस निरंतरता को बरकरार नहीं रख पाए. अमेरिका के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में मैच जिताऊ अर्धशतक लगाने के बाद उनकी बल्लेबाजी में गिरावट देखने को मिली.
घरेलू टूर्नामेंट में दिखी फॉर्म वापसी की झलक
टीम इंडिया से बाहर होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने घरेलू क्रिकेट में अपनी लय हासिल करने की कोशिश शुरू कर दी है. हाल में खेले गए टी20 मुंबई लीग में उन्होंने कप्तानी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया. ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट की ओर से खेलते हुए सूर्यकुमार ने एमएससी मराठा रॉयल्स के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में 72 रन की तूफानी पारी खेली. इसके बाद सोबो मुंबई फाल्कन्स के खिलाफ उन्होंने 24 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाए. इन पारियों ने संकेत दिया कि सूर्यकुमार एक बार फिर अपनी पुरानी आक्रामक बल्लेबाजी लय में लौटने की कोशिश कर रहे हैं.
कई रिकॉर्ड अब भी दर्ज
सूर्यकुमार यादव ने जुलाई 2024 में रोहित शर्मा के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से हटने के बाद भारतीय टीम की कप्तानी संभाली थी. बतौर कप्तान उन्होंने टीम को कई अहम जीत दिलाईं. अब तक 45 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सूर्यकुमार के नाम 932 रन दर्ज हैं. वह दुनिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हैं जिन्होंने भारत, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका में टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए हैं.
वापसी के लिए जारी है ‘मिशन कमबैक’
35 वर्षीय सूर्यकुमार यादव ने अपने नए सोशल मीडिया पोस्ट से साफ कर दिया है कि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म नहीं हुआ है. नेट्स में उनकी मेहनत और घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि वह जल्द से जल्द भारतीय टीम में वापसी के लिए तैयार होना चाहते हैं. अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि क्या सूर्यकुमार अपनी फॉर्म और फिटनेस के दम पर चयनकर्ताओं का भरोसा दोबारा जीत पाते हैं या नहीं.
इसे भी पढ़े- गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा संग तिरुपति मंदिर पहुंचे हार्दिक पंड्या, भगवान वेंकटेश्वर के किए दर्शन
