ब्रेंडन मैकुलम के बाद इंग्लैंड को मिलेगा नया टेस्ट कोच, रेस में स्टीफन फ्लेमिंग आगे

England Test team new coach: न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग इंग्लैंड टेस्ट टीम के नए कोच बन सकते हैं. ECB ने उनके साथ बातचीत की है और उन्हें सबसे उपयुक्त उम्मीदवार माना जा रहा है. फ्लेमिंग के आने से टीम को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.

England Test team new coach: इंग्लैंड क्रिकेट टीम को जल्द ही नया टेस्ट कोच मिलने वाला है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को यह जिम्मेदारी मिल सकती है. इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 53 साल के फ्लेमिंग के साथ कई दौर की बातचीत और इंटरव्यू किए हैं, जिसके बाद उन्हें इस पद के लिए सबसे सही उम्मीदवार माना गया है. हालांकि, अभी बोर्ड की तरफ से कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही उनके नाम की घोषणा कर दी जाएगी.

ब्रेंडन मैकुलम के बाद नए चेहरे की तलाश

इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच पद से ब्रेंडन मैकुलम के हटने के बाद ECB लगातार एक अनुभवी और रणनीतिक कोच की तलाश में था. मैकुलम के कार्यकाल में इंग्लैंड ने टेस्ट क्रिकेट में आक्रामक शैली अपनाई थी, जिसे ‘बैजबॉल’ के नाम से पहचान मिली. अब बोर्ड ऐसे कोच की तलाश में था, जो टीम की इस शैली को आगे बढ़ाने के साथ-साथ नए दौर की चुनौतियों का सामना कर सके. फ्लेमिंग इस भूमिका के लिए मजबूत दावेदार के रूप में उभरे. उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अनुभव तो है ही, साथ ही दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग में लंबे समय तक कोचिंग करने का भी अनुभव है.

चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खत्म हुआ 19 साल का सफर

स्टीफन फ्लेमिंग का नाम हाल ही में तब सुर्खियों में आया था, जब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ उनका 19 साल लंबा सफर समाप्त हुआ. फ्लेमिंग ने CSK को दुनिया की सबसे सफल टी20 टीमों में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई थी. उनकी कोचिंग में चेन्नई ने कई बार आईपीएल खिताब जीते और लगातार मजबूत प्रदर्शन किया. हालांकि लगातार तीन खराब सीजन के बाद फ्रेंचाइजी ने बदलाव का फैसला किया. इसके बाद से ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि फ्लेमिंग अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नई भूमिका निभा सकते हैं. ECB के सामने एंडी फ्लावर जैसे अनुभवी विकल्पों के उपलब्ध नहीं होने के बाद फ्लेमिंग सबसे मजबूत उम्मीदवार बनकर सामने आए.

ट्रॉट और डॉसन को पछाड़कर बने पसंदीदा उम्मीदवार

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट और रिचर्ड डॉसन भी इस पद के लिए लाइन में थे. लेकिन स्टीफन फ्लेमिंग के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का बहुत अनुभव है, वे अच्छे कप्तान रहे हैं और उनका कोचिंग का रिकॉर्ड भी बहुत शानदार है. इसी वजह से वे बाकी सभी उम्मीदवारों से आगे निकल गए. फ्लेमिंग ने न्यूजीलैंड के लिए 111 टेस्ट मैच खेले हैं और लंबे समय तक टीम की कप्तानी भी की है. उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने दुनिया भर में एक नई पहचान बनाई और एक मजबूत टीम बनकर उभरी.

दिसंबर 2026 से शुरू हो सकता है कार्यकाल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टीफन फ्लेमिंग का संभावित कार्यकाल दिसंबर 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से शुरू हो सकता है. हालांकि अंतिम फैसला और आधिकारिक घोषणा ईसीबी की ओर से की जाएगी. फ्लेमिंग के सामने इंग्लैंड टेस्ट टीम को लेकर कई बड़ी चुनौतियां होंगी. सबसे अहम सवाल टीम के नए कप्तान का होगा.

कप्तानी को लेकर सस्पेंस

फ्लेमिंग के सामने सबसे पहला बड़ा निर्णय टेस्ट कप्तानी को लेकर हो सकता है. मौजूदा वनडे और टी20 कप्तान हैरी ब्रूक को टेस्ट टीम की कमान सौंपने पर विचार किया जा सकता है. ब्रूक फिलहाल टेस्ट टीम के उप-कप्तान भी हैं और इंग्लैंड उन्हें भविष्य के नेता के रूप में देख रहा है. वहीं, अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को अंतरिम कप्तान बनाने का विकल्प भी मौजूद है. रूट पहले लंबे समय तक इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी कर चुके हैं और उनके पास नेतृत्व का काफी अनुभव है.

फ्लेमिंग के अनुभव से इंग्लैंड को मिलेगी नई दिशा

स्टीफन फ्लेमिंग की सबसे बड़ी ताकत उनका शांत स्वभाव, रणनीतिक सोच और खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की क्षमता मानी जाती है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट दोनों में उनके अनुभव को देखते हुए इंग्लैंड को उनसे काफी उम्मीदें होंगी. अगर ईसीबी जल्द ही उनकी नियुक्ति की पुष्टि करता है, तो फ्लेमिंग इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट के नए युग की शुरुआत कर सकते हैं.

इसे भी पढ़े- हार के बाद बाबर आजम का वीडियो वायरल, अंग्रेजी को लेकर मचा बवाल… आखिर क्या बोले कप्तान?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >